समय रहते पाया गया आग पर काबू, बड़ा हादसा होने से टला
Rajdhani Express Got Fire (द भारत ख़बर), कोटा : रविवार उस समय एक बड़ा हादसा होने से बच गया जब अल सुबह त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते उसने ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशनों के बीच हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बज उठा। इसके बाद मेडिकल टीम और बचाव राहत टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अधिकांश यात्री अपने-अपने केबिन में सो रहे थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही यात्री अपना सामान लेकर जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। हालांकि कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही रह गया।
रेलवे कर्मचारियों की सूझ बूझ ने बचाई दर्जनों जिंदगी
मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई यानी बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके चलते कोटा रेल मंडल के इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। रेलवे की टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रेन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेलवे अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
ये बोले रेलवे अधिकारी
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन को कोटा से रवाना कर दिया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं डीआरएम सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और भारी पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंच गया। जिस कोच में आग लगी, उसके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनके सामान को भी दूसरे कोच में शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।

