कहा, मैं पश्चिम एशिया में संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत करता हूं
PM Modi on US-Iran Agreement (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच हुई समझौते की घोषणा का पूरी दुनिया में स्वागत किया जा रहा है। इस समझौते को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी बड़ा बयान सामने आया है। बता दें कि पीएम मोदी वर्तमान में यूरोप यात्रा पर हैं और रविवार अल सुबह वह अपनी यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंच चुके हैं। इसी बीच पीएम मोदी ने अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते के एलान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसका स्वागत किया और कहा कि उम्मीद है कि इससे दुनिया में स्थिरता आएगी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा ‘मैं पश्चिम एशिया में संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत करता हूं। इस संघर्ष के कारण दुनिया भर में गंभीर आर्थिक उथल-पुथल हुई है और कई देशों में जान-माल का नुकसान हुआ है। भारत को उम्मीद है कि इस सहमति को लागू करने से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने में मदद मिलेगी और आवाजाही व व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी। हम उम्मीद करते हैं कि बाकी मुद्दों पर बातचीत से एक टिकाऊ और अंतिम समझौता हो सकेगा।’
28 फरवरी को शुरू हुआ था दोनों में युद्ध
ज्ञात रहे कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध 28 फरवरी 2026 को उस समय शुरू हुआ था जब अमेरिका ने इजराइल के साथ मिलकर अचानक ईरान पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए थे। हमले इतने तेज थे की पहले ही दिन ईरान के सर्वोच्च नेता सहित दर्जनों नेता और सेना अधिकारी मारे गए थे। उस समय अमेरिका ने सोचा था कि ईरान कुछ ही दिन में घुटने टेक देगा। लेकिन ईरान ने पलटवार करते हुए न केवल अमेरिका और इजराइल पर हमले किए बल्कि होर्मुज जलडमरूमध्य भी पूरी तरह से बंद कर दिया। अब दोनों देशों के बीच हुए समझौते के बाद होर्मुज दोबारा से खुल जाएगा। इससे पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है।
शुक्रवार को दोनों करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में हस्ताक्षर होंगे। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के एलान के बाद दुनियाभर के बाजारों में उत्साह देखा गया। एशियाई बाजारों में आज वृद्धि दर्ज की गई और कच्चे तेल के दाम भी वैश्विक स्तर पर कम हुए हैं। जिससे हालात सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Agreement : जंग खत्म, अमेरिका-ईरान 19 जून को करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर

