
Amitabh Bachchan Attack Plot: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई में एक्टर पर हमले की साजिश को नाकाम करते हुए दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों विदेशी ठिकाने से संचालित गैंगस्टरों के संपर्क में थे और उन्हें अलग-अलग आपराधिक वारदातों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मामले ने उस समय और सुर्खियां बटोरीं, जब अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर देर रात ‘बच गए’ लिखकर एक पोस्ट शेयर की। हालांकि अभिनेता ने इस पोस्ट में किसी हमले या पुलिस कार्रवाई का जिक्र नहीं किया है।
कौन हैं गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। विकास ठाकुर पंजाब के जालंधर का रहने वाला है, जबकि दीपक सिंह तरनतारन जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस ने विकास को दिल्ली में गिरफ्तार किया था। उससे मिले सुरागों के आधार पर दीपक को मुंबई से पकड़ा गया। दोनों संदिग्ध विदेशी ठिकाने से गैंगस्टरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर हमले की योजना को नाकाम कर दिया।
अमिताभ के बंगले को बनाना चाहते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक दीपक सिंह को मुंबई में एक बड़े बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की जिम्मेदारी दी गई थी। इस सिलसिले में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को संभावित निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के हवाले से अमिताभ बच्चन का नाम सामने आया है। दीपक को मुंबई में छिपकर रहने और हमले के लिए निर्देश मिलने का इंतजार करने को कहा गया था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
दिल्ली के कारोबारी पर भी फायरिंग की थी योजना
दूसरा आरोपी विकास ठाकुर भी एक अलग आपराधिक साजिश में शामिल बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक उसे दिल्ली के एक कारोबारी पर फिरौती के लिए फायरिंग करने का काम सौंपा गया था। पुलिस का दावा है कि विकास मुंबई से दिल्ली पहुंचा था और कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर दीपक की तलाश शुरू की गई और उसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के बीच संपर्क, विदेशी गैंगस्टरों से उनके संबंध और आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
मैड संधू हत्याकांड में भी सामने आया दीपक का नाम
गिरफ्तार आरोपी दीपक सिंह का नाम पंजाब के अमृतसर में हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में भी सामने आया है। 3 अक्टूबर 2026 को अमृतसर में मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार इस वारदात में दीपक और उसके सहयोगी पलविंदर उर्फ काका की भूमिका सामने आई थी। पलविंदर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दीपक घटना के बाद फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई में छिपकर रह रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इसी दौरान उसे गिरफ्तार किया।
अमिताभ बच्चन की ‘बच गए’ पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा
इस पूरे मामले के बीच अमिताभ बच्चन की सोशल मीडिया पोस्ट भी सुर्खियों में आ गई है। अभिनेता ने 15 नवंबर की देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘बच गए’ लिखा। उनकी इस छोटी-सी पोस्ट के सामने आने के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पोस्ट का समय ऐसा था कि इसे दो शूटरों की गिरफ्तारी और हमले की साजिश से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि अमिताभ ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किस घटना की ओर था।
