दुनिया भर में बज रहा भारतीय डिजिटल प्रणाली का डंका
UPI in Greece (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वैश्विक बाजार में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) लगातार तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। पिछले दिनों जहां पीएम मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान वहां यूपीआई से लेनदेन शुरू करने के लिए वहां की सरकार से समझौता किया था। वहीं आज यानी मंगलवार को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि अब ग्रीस में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) शुरू हो गया है।
गोयल ने बताया कि इसके शुरू होने से लोगों को पैसे भेजना और भुगतान करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। अब योग्य ग्राहक तुरंत, सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के लेनदेन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पैसे ट्रांसफर करने की लागत भी पारंपरिक तरीकों के मुकाबले काफी कम हो गई है।
प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे
मंत्री ने एक एक्स पोस्ट में लिखा कि यूपीआई की बढ़ती वैश्विक स्वीकृति और सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण में विश्वास को दशार्ती है, जिसके तहत सीमाओं से परे मूल्य सृजित करने और साझा विकास और समृद्धि के लिए साझेदारी को गहरा करने वाले प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे।’ ग्रीस यात्रा के दौरान मंत्री ने यूरोबैंक के सीईओ फोकियन कारावियास से मुलाकात की और भारत-ग्रीस आर्थिक साझेदारी के विस्तार पर सार्थक चर्चा की।
तेजी से मजबूत हो रहे ग्रीस से व्यापारिक रिश्ते
गोयल ने कहा, ‘हमने ग्रीक व्यवसायों को भारत में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया और ग्रीस में विनिर्माण और बुनियादी ढांचा विकास में सहयोग के रास्ते तलाशे, जिससे विकास और समृद्धि के लिए हमारी साझा दृष्टि को आगे बढ़ाया जा सके।’ उन्होंने एथेंस में यूरोबैंक मुख्यालय में यूरोबैंक-एनआईपीएल साझेदारी के लाइव प्रदर्शन को देखा, जिसके तहत यूपीआई सेवाएं सक्षम की गईं। इस दौरान उनके साथ यूरोबैंक के सीईओ करावियास और फेयरफैक्स डिजिटल सर्विसेज के सीईओ संजय तुगनाइट भी मौजूद थे, जो भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र के वैश्विक विस्तार में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

