- पूर्वी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में 20 जून के आसपास पहुंचता है मानसून
- अल नीनो के चलते इस बार पड़ा कमजोर, अब परिस्थितियां हो रहीं अनुकूल
Monsoon Updates, (द भारत ख़बर), लखनऊ/देहरादून: भीषण गर्मी व उमस से बेहाल उत्तर भारत के राज्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम एजेंसियों के मुताबिक दोनों राज्यों में मानसून एक या दो दिन में दस्तक दे सकता है। मौसम पूवार्नुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर ने बताया है कि अब मौसमी परिस्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं।
यूपी : 2 जुलाई तक अच्छी बारिश होने के आसार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून दो दिन में उत्तरखंड में पहुंच जाएगा। स्काईमेट के मुताबिक, 2 जुलाई तक यूपी के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी मानसूनी बारिश होने के आसार हैं। अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी पूर्वी हवाएं यूपी के पूर्वोत्तर इलाकों तक पहुंचने लगी हैं और इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि मौसम की इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से मानसून को उत्तर दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी और बारिश की गतिविधियां रफ्तार पकड़ेंगी।
आमतौर पर 20 जून के आसपास पहुंचता है मानसून
आमतौर पर पूर्वी यूपी और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मानसून 20 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस दफा अल नीनो के चलते यह कमजोर व सुस्त पड़ा है। अल नीनो के कारण देश के अन्य कई हिस्सों में भी मानसून तय समय से पीछे चल रहा है और तेजी उन राज्यों में भी इसके जल्द आगे बढ़ने के संकेत हैं। मौसम पूवार्नुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार पूर्वी यूपी में 30 जून से ही हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक एक जुलाई को मौसम प्रणाली मजबूत हो जाएगी और बारिश का दायरा बढ़ेगा।
पिथौरागढ़, पौड़ी और बागेश्वर के लिए येलो अलर्ट
यूपी के अधिकतर इलाकों और समूचे उत्तराखंड में दो जुलाई तक मानसूनी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के तीन जिलों पिथौरागढ़, पौड़ी और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही प्रदेश के सभी पर्वतीय जिलों में तेज बारिश व 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Northeast Weather: असम, सिक्किम और अरुणाचल में बाढ़ व भूस्खलन से हाहाकार

