बारिश से गिरी चॉल, 6 की मौत, पेड़ गिरने से भी गई एक की जान, अभी नहीं है राहत की उम्मीद
Mumbai Weather (द भारत ख़बर), मुंबई : दक्षिण-पश्चिमी मानसून देश की आर्थिक राजधानी पर खूब बारिश कर रहे हैं। पिछले कुछ दिन से जारी मुसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। रविवार शाम को बारिश के चलते कई जगह अप्रिय घटनाएं हुई जिससे कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। यहां भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं दो अन्य घटनाओं में दो लोगों की मौत होने का भी समाचार है।
Mumbai Weather पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत
एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना में रविवार को कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 12:40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास हुआ। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को गोरेगांव पूर्व के आरे कॉलोनी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हो गई थी। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
Mumbai Weather लगातार 14 घंटे हुई बारिश
रविवार की सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 72 मिमी और 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शाम के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ गई और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं, खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन भी एक घंटे के लिए रोकना पड़ा। पेड़ गिरने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर एक इमारत पर लगी ग्रिल गिरने से भी एक शख्स की मौत हो गई।

