मैच के आखिरी पलों में गोल करके स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश, नेमार के बाद रोनाल्डो की आंखों से भी छलके आंसू
FIFA World Cup 2026 (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : फीफा विश्व कप 2026 के एक बेहद रोमांचक मैच में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया है। दोनों टीमों ने इस मैच में पूरा जोर लगाया यही कारण है कि मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल मुकाबले के अंतिम क्षणों में हुआ। जैसे ही स्पेन के मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम में फुटबॉल को गोल पोस्ट में डाला तो उसी के साथ स्पेन के प्रशंसक खुशी से झूम उठे। वहीं पुर्तगाल को एक बार फिर से वर्ल्ड कप में निराशा हाथ लगी।
पहले हाफ में पुर्तगाल ने बनाए कई मूव
मैच के पहले हाफ में पुर्तगाल ने लगातार स्पेन की रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कुछ अच्छे हमले किए, जबकि नूनो मेंडेस का डिफ्लेक्टेड शॉट क्रॉसबार से टकराकर लौट आया। इसके बावजूद पुर्तगाल पूरे मैच में गोल करने में नाकाम रही। स्पेन के डिफेंस ने रोनाल्डो को ज्यादा आक्रामक होकर खेलने का मौका नहीं दिया और वह पूरे मैच में गोल करने में असर्मथ दिखाई दिए।
अंतिम पलों में मेरिनो बने स्पेन के हीरो
दूसरे हाफ में दोनों टीमें सतर्क रहीं और मुकाबला गोलरहित आगे बढ़ता रहा। ऐसा लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय में जाएगा, लेकिन 90+1वें मिनट में स्पेन के दो सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों ने मैच का फैसला कर दिया। फेरान टोरेस ने बेहतरीन पास दिया, जिस पर मिकेल मेरिनो ने शानदार फिनिश करते हुए स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी। यही गोल अंत में निर्णायक साबित हुआ।
रोनाल्डो का विश्व कप अभियान समाप्त

इस हार के साथ 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप 2026 अभियान समाप्त हो गया। मैच से पहले ही रोनाल्डो ने कहा था कि यह उनके करियर का आखिरी फीफा विश्व कप होगा। उन्होंने अपने विश्व कप करियर में 27 मैचों में 11 गोल किए और लगातार छह अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में गोल करने वाले पहले पुरुष फुटबॉलर बनने का रिकॉर्ड बनाया।
ये भी पढ़ें : FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप में चल रहा Erling Haaland का जादू

