नई दिल्ली: राजधानी को और अधिक हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ‘हरित दिल्ली अभियान 2026-27’ की शुरुआत कर दी है। अकेले दक्षिण दिल्ली के सतपुला पार्क में अभियान के तहत इस वर्ष 5,400 पौधे लगाए जाएंगे। वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ हो चुका है और विभिन्न DDA पार्कों एवं चिन्हित स्थानों पर पौधारोपण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

अभियान की थीम “एक पेड़ – हजारों उम्मीदें” रखी गई है। DDA के हॉर्टिकल्चर विभाग की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना है।

DDA अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान छायादार, फलदार और पर्यावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे लंबे समय तक जीवित रहकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

अभियान के तहत नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें। DDA का मानना है कि जन भागीदारी के बिना हरित दिल्ली का सपना साकार नहीं हो सकता।

राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और तापमान को देखते हुए विशेषज्ञ भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बता रहे हैं। ऐसे में DDA का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
