PM Modi News, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली/मैसूर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर गायिका एस. जानकी अम्मा जानकी के निधन पर गहरा शोक जताया है। शनिवार को मैसूर के एक निजी अस्पताल में जानकी का निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थीं। शुक्रवार रात को जानकी सांस लेने में तकलीफ हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी दुख जताया और जानकी के निधन को संगीत की दुनिया और देश की कलात्मक विरासत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
परिवार व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की
पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, एस जानकी के परिवार व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने संगीत और मनोरंजन की दुनिया में एस जानकी के कई भाषाओं वाले और विशाल करियर को याद किया। पीएम ने कहा, एस जानकी ने बेमिसाल अंदाज और बहुमुखी प्रतिभा के साथ हर भावना को आवाज दी। इस मशहूर गायिका की बनाई धुनें आने वाली पीढ़ियों को भी मंत्रमुग्ध करती रहेंगी।
निधन संगीत व संस्कृति की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति
प्रधानमंत्री ने कहा, जानकी अम्मा का निधन संगीत और संस्कृति की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अलग-अलग भाषाओं में उनके गाने कई पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय रहे। मोदी ने बताया कि गायिका के गाने हर भावना को बेहद खूबसूरती और बेमिसाल अंदाज में पेश करते थे। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, अनगिनत प्रशंसकों और पूरे संगीत जगत के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ‘ओम शांति।’
करियर छह दशकों से ज्यादा लंबा व शानदार
भारतीय सिनेमा की बेहतरीन आवाजों में से एक मानी जाने वालीं एस जानकी का करियर छह दशकों से भी ज्यादा लंबा और शानदार रहा; उन्होंने कई भारतीय भाषाओं में हजारों गाने रिकॉर्ड किए। जानकी ने 1957 में अपने गायन करियर की शुरुआत की थी। उनका पहला हिंदी गाना साल 1958 में आई फिल्म मिस 58 में था, जिसका संगीत जी. रामनाथन ने तैयार किया था।
अपने करियर में 48 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए
एस. जानकी ने अपने करियर में 48 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए। इनमें ज्यादातर हिंदी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में हैं। एस. जानकी को बोल बेबी बोल (मेरी जंग), प्रभु मोरे अवगुण (सुर संगम), ओ मारिया (सागर), गोपाला-गोपाला (हमसे है मुकाबला) जैसे हिंदी गानों के लिए जाना जाता है। एस. जानकी को चार नेशनल फिल्म अवॉर्ड और कई राज्य-स्तरीय सम्मानों से नवाजा गया है।
ये भी पढ़ें: PM Modi New Zealand Visit: भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट सहित 10 एमओयू साइन

