अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 107 डॉलर से घटकर 76.24 डॉलर प्रति बैरल पहुंची
Petrol-Diesel Price (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है। पिछले माह जहां एक बैरल क्रूड की कीमत करीब 107 डॉलर थी वहीं अब यह घटकर 76.24 डॉलर प्रति बैरल पहुंच चुकी है।
क्रूड की लगातार कम होती कीमतों के बीच अब हर देशवासी को यह उम्मीद है कि भारतीय तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती कब करेंगी। हालांकि पिछले दिनों भारत की प्राइवेट तेल कंपनी नायरा ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पांच रुपए प्रति लीटर कमी की थी। लेकिन अन्य किसी कंपनी ने कटौती नहीं की।
इस तरह हैं आज पेट्रोल और डीजल के भाव
आज यानी रविवार को देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल के दाम की बात करें तो देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए प्रति लीटर जबकि डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपए जबकि डीजल की कीमत 97.83 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई है।
इसके अतिरिक्त चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपए जबकि डीजल 99.55 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं इन महानगरों में सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल और डीजल कोलकाता में बिक रहा है। यहां पर एक लीटर पेट्रोल के लिए उपभोक्ताओं को 113.51 रुपए जबकि डीजल के लिए 99.82 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं।
इसलिए अलग-अलग होते हैं इनके दाम
केंद्र सरकार पूरे देश में एक समान एक्साइज ड्यूटी लगाती है, लेकिन राज्य सरकारें पेट्रोल-डीजल पर अपने अलग-अलग प्रतिशत में वैट या सेल्स टैक्स लगाती है। जैसे कि अंडमान-निकोबार में टैक्स बहुत कम होने के चलते वहां तेल सस्ता है। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में टैक्स ज्यादा लगने की वजह से तेल महंगा हो जाता है।
ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और मांग-आपूर्ति की मौजूदा स्थिति भी उस रिटेल कीमत पर असर डालती है, जो ग्राहकों को पेट्रोल पंप पर दिखती है। हालांकि रविवार को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में किसी तरह की तबदीली नहीं की है। इसका अर्थ यह है कि यह अपने पिछले दाम पर ही बिक रहा है। ज्ञात रहे कि तेल कंपनियां हर रोज सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल के दाम घोषित करती हैं और फिर उसी दाम पर यह बिकता है।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने के आभूषण बनाना होगा महंगा, दाम में आई तेजी

