हिसार. हरियाणा के हिसार में रविवार को मिठाई की एक दुकान पर काम करने वाले 34 वर्षीय व्यक्ति की लिफ्ट के दरवाजों के बीच गर्दन फंस जाने से मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.
जानकारी के अनुसार, मृतक हिसार में सिटी थाना रोड स्थित मिठाई की दुकान में काम करता था और दुकान में जुगाड़ की लिफ्ट में यह हादसा हुआ है.
पुलिस ने बताया कि यह घटना यहां के व्यस्त व्यावसायिक इलाके नागोरी गेट में हुई. मृतक की पहचान हिसार के कुंभा खेड़ा गांव के रहने वाले जसबीर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जसबीर पिछली रात दुकान के अंदर ही सोया था. सुबह उसे दुकान की दूसरी मंजिल पर जाने के लिए कहा गया. इसके बाद वह लिफ्ट में गया लेकिन दूसरी मंजिल पर हादसे का शिकार हो गया.
मृतक के पिता राम मेहर ने इस घटना में किसी साजिश की आशंका जताते हुए मौत की जांच करने की मांग की है. पुलिस जांच कर रही है कि दुकान में लिफ्ट के लिए सुरक्षा के पुख्ता उपाय थे या नहीं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई साजिश थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है.
सोने के लिए जा रहा था जसबीर
सिटी थाना पुलिस के अनुसार, जसबीर दूसरी मंजिल पर जाकर सोने के लिए जा रहा था तो पहली और दूसरी मंजिल के बीच अचानक उसकी गर्दन लिफ्ट में दीवार की साइड में लगे लोहे के एंगल में फंस गई.कारिंदों ने तुरंत लिफ्ट का स्विच ऑफ कर दिया लेकिन तब तक जसबीर का सिर कटकर धड़ से अलग हो चुका था. दुकान मालिक का कहना है कि जसबीर उसका कर्मचारी नहीं था औऱ दोस्त से मिलने आया था.
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
