नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शर्मनाक हार के बाद अब टीम इंडिया को वनडे में खेलना है. कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी. टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल जैसे धुरंधर खिलाड़ियों की वापसी होगी. भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज आज (मंगलवार, 14 जुलाई) से होगा. कोच गौतम गंभीर आयरलैंड और इंग्लैंड के हालिया सीरीज के नतीजे के बाद दबाव में होंगे. ऐसे में वो मैदान पर सबसे बेहतरीन प्लेइंग इलेवन को उतारना चाहेंगे.
बल्लेबाजी क्रम लगभग तय
टी20 की हार का असर वनडे टीम पर नहीं पड़ने वाला है. सीनियर खिलाड़ियों से भरी टीम के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना नहीं है. कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे जबकि विराट कोहली नंबर-3 पर खेलने उतरेंगे. मिडिल आर्डर में श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की जगह पक्की मानी जा रही है. अक्षर पटेल और शिवम दुबे टीम में ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे.

तेज गेंदबाजी बुमराह की वापसी से होगी मजबूत
टी20 सीरीज में भारतीय टीम को जिस अनुभवी गेंदबाज की कमी खली वो वनडे में वापसी करेंगे. जसप्रीत बुमराह का ना होना श्रेयस अय्यर को जरूर खला होगा. हालांकि वनडे मे चयनकर्ताओं ने बूम बूम बुमराह को चुना है. उनकी वापसी से बॉलिंग अटैक पूरी तरह से बदल जाएगा. बुमराह के साथ मिलकर अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं.
Preps on in full flow 💪#TeamIndia gearing up for the start of the #ENGvIND ODIs in Birmingham 👌 pic.twitter.com/Oj51A5m2al
— BCCI (@BCCI) July 13, 2026
कुलदीप या वॉशिंगटन सुंदर?
टीम इंडिया की सबसे बड़ी दुविधा स्पिन विभाग को लेकर है. हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी के चोटिल होने से टीम कॉम्बिनेशन बिगड़ गया है. शिवम दुबे को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वह हार्दिक जैसी गेंदबाजी और फिनिशिंग का विकल्प नहीं माने जाते. ऐसे में अगर भारत कुलदीप यादव और दुबे दोनों को खिलाता है, तो बल्लेबाजी सातवें नंबर तक ही सीमित रह जाएगी. दूसरा विकल्प वॉशिंगटन सुंदर को खिलाने का है. सुंदर की मौजूदगी से बल्लेबाजी को गहराई मिलेगी, लेकिन इससे बीच के ओवरों में विकेट लेने की क्षमता कुछ कम हो सकती है. मुख्य कोच गौतम गंभीर हाल के समय में बल्लेबाजी की मजबूती को प्राथमिकता देते नजर आए हैं. ऐसे में सुंदर को मौका मिलने की संभावना अधिक मानी जा रही है.
भारत की संभावित प्लेइंग XI
- रोहित शर्मा
- शुभमन गिल (कप्तान)
- विराट कोहली
- श्रेयस अय्यर (उप कप्तान)
- अक्षर पटेल
- वॉशिंगटन सुंदर
- केएल राहुल (विकेटकीपर)
- शिवम दुबे
- जसप्रीत बुमराह
- अर्शदीप सिंह
- प्रसिद्ध कृष्णा

