NTA Announces NEET UG 2026 Results: नीट यूजी की दोबारा परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने गुरुवात रात नीट यूजी परीक्षा (NEET UG 2026) का रिजल्ट घोषित कर दिया। इस परीक्षा में करीब 20 लाख कैंडिडेट्स शामिल हुए थे, जिसमें से 11.21 लाख कैंडिडेट्स को सफल घोषित किया गया है। यह रिजल्ट जारी होने के साथ ही देशभर में एमबीबीएस (MBBS), बीडीएस (BDS), आयुष (AYUSH), बीएससी नर्सिंग और अन्य मेडिकल कोर्सेस में एडमिशन की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। इस बार नीट यूजी परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल संयुक्त रूप से टॉपर बने। दोनों छात्रों ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए। NEET UG 2026 का आयोजन देशभर में 13 भाषाओं में किया गया था।
पंजाब और हरियाणा के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
NEET UG 2026 के नतीजों में पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक हासिल कर देश में पहला स्थान हासिल किया। NTA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 705 से ज्यादा नंबर प्राप्त करने वाले टॉप 17 कैंडिडेट्स देश के 8 राज्यों से हैं। इनमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं। इससे साफ होता है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में देशभर के विभिन्न राज्यों के स्टूडेंट्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। NEET UG 2026 में करीब 20 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने क्वालिफाई किया। सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। महिला उम्मीदवारों की सफलता दर पुरुषों की तुलना में अधिक रही। जहां 56.8 प्रतिशत महिला उम्मीदवार सफल रहीं, वहीं 55.1 प्रतिशत पुरुष उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए।
सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले 19 कैंडिडेट्स
इस वर्ष भी NEET UG में अच्छे नंबर प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या सीमित रही। 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक नंबर प्राप्त किए। 138 उम्मीदवारों ने 690 या उससे अधिक अंक हासिल किए। 1492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। 10,160 उम्मीदवारों ने 600 या उससे अधिक अंक हासिल किए। 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। NTA के अनुसार 690 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 138 उम्मीदवारों में से 93 प्रतिशत से अधिक पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि इनमें से लगभग 99 प्रतिशत उम्मीदवारों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच है।
हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सफल उम्मीदवार
NTA ने बताया कि इस वर्ष सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। लद्दाख के जिग्मेट यांगचन लामो 530 अंक के साथ अपने केंद्रशासित प्रदेश के टॉपर रहे। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के टॉपर ध्रुव त्रिपाठी रहे, जिन्होंने 606 नंबर हासिल किए। लक्षद्वीप से फहमीदा अनीस ने 573 अंक प्राप्त कर टॉप किया। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों से भी राज्य टॉपर सामने आए हैं। NTA के अनुसार, 690 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 138 उम्मीदवार देश के 66 अलग-अलग शहरों से हैं। वहीं 705 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले शीर्ष 17 उम्मीदवार 8 राज्यों के हैं।
ऐसे डाउनलोड करें NEET UG 2026 स्कोरकार्ड
1. सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
2. होमपेज पर उपलब्ध NEET UG 2026 Result लिंक पर क्लिक करें।
3. आवेदन संख्या, जन्मतिथि और सुरक्षा पिन दर्ज करें।
4. इसके बाद Submit बटन पर क्लिक करें।
5. अब स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा।
6. आप इस स्कोरकार्ड को डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें।
नीय यूजी के रिजल्ट के बाद आगे क्या होगा?
NEET UG 2026 का परिणाम जारी होने के बाद अब ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और राज्य स्तरीय मेडिकल काउंसलिंग जल्द शुरू होगी। इसके माध्यम से MBBS, BDS, BAMS, BHMS, BUMS, BSMS, बीएससी नर्सिंग, अन्य मेडिकल और आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। NTA केवल परीक्षा आयोजित करने, परिणाम घोषित करने और ऑल इंडिया रैंक जारी करने का कार्य करता है। सीट आवंटन, मेरिट सूची, राज्य कोटा और प्रवेश प्रक्रिया का संचालन संबंधित काउंसलिंग प्राधिकरण और राज्य सरकारें करेंगी।

