नई दिल्ली. इस वक्त क्रिकेट की दुनिया एक खबर के सामने आने से सन्न है. पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने वाले हैं. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले उनको लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित शर्मा के माता-पिता गुरुनाथ शर्मा और पूर्णिमा शर्मा लंदन पहुंच चुके हैं. रविवार को दोनों लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला देखेंगे.
Crex की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित के माता-पिता विशेष रूप से तीसरा वनडे देखने के लिए लंदन पहुंचे हैं. ऐसे में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि यदि यह रोहित का आखिरी वनडे साबित होता है. इस खास मैच में उनका परिवार भावुक पल का गवाह बन सकता है. ये बात अब तक रिपोर्ट के माध्यम से ही सामने आई है. बीसीसीआई ने अब तक यह आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि यह रोहित शर्मा का आखिरी वनडे मैच होगा.

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि चयन समिति 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को अधिक मौके देने की योजना बना रही है. इसी वजह से रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में रोहित शर्मा अब तक बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं. पहले दो मुकाबलों में उनके बल्ले से 11 और 26 रन निकले हैं.
कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने विराट कोहली (55) और श्रेयस अय्यर (56) के अर्धशतकों की बदौलत 233 रन बनाए थे. जवाब में जो रूट ने नाबाद 99 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को चार विकेट से जीत दिलाई. तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर है. लॉर्ड्स में खेले जाने वाले आखिरी मुकाबले से सीरीज के विजेता का फैसला होगा.
इन्हें भी पढ़ें:
3 बड़ी वजह, जिसके कारण चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा के लिए बंद किए वर्ल्ड कप टीम के दरवाजे!
रोहित शर्मा ‘नाखुश’, बीसीसीआई की ‘आखिरी वनडे’ मीटिंग की अंदरूनी बातें आई सामने

