Apple beat Nvidia : Apple एक बार फिर दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। शुक्रवार को Nvidia के शेयरों में 3.7% की गिरावट आई, जिससे चिप बनाने वाली इस कंपनी का मार्केट कैप घटकर 4.8 ट्रिलियन डॉलर हो गया, जबकि Apple के शेयर में 0.4% की बढ़त हुई और इसकी वैल्यूएशन 4.9 ट्रिलियन डॉलर हो गई। बीते अप्रैल में Apple को पछाड़कर Nvidia ने दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी होने का तमगा अपने नाम किया था।
निवेशकों का रुख बदला
iPhone बनाने वाली कंपनी एप्पल को टेक्नोलॉजी सेक्टर में हो रहे उस बदलाव से फायदा हो रहा है, जिसमें निवेशक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भारी खर्च करने वाली कंपनियों से हटकर दूसरी कंपनियों की ओर रुख कर रहे हैं।
इस साल 23% की तेजी
Apple का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। जून के निचले स्तर से इसके स्टॉक में 21% की बढ़त हुई है। इस साल इसमें 23% की तेजी आई है, जिससे यह ‘मैग्निफिसेंट सेवन’ कंपनियों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनी बन गई है। टेक-हेवी Nasdaq 100 इंडेक्स में 2026 में 12% की बढ़त हुई है और S&P 500 इंडेक्स 8.6% बढ़ा है।
AI पर निवेश से किनारा
एप्पल के शेयरों में हाल में मजबूती तब आई है, जब निवेशक टेक्नोलॉजी सेक्टर के अन्य हिस्सों खासकर AI पर भारी खर्च करने वाली कंपनियों और चिप बनाने वाली उन कंपनियों से अपना पैसा निकाल रहे हैं जिनमें भारी निवेश के कारण पहले जबरदस्त उछाल आया था।निवेशकों को चिंता है कि इन कंपनियों में आई तेजी शायद जरूरत से ज्यादा हो गई है। एप्पल को हाल ही में चीन में ‘Apple Intelligence’ लॉन्च करने के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सरकारी मंजूरी भी मिली है, जिससे कंपनी की ग्रोथ बढ़ने की उम्मीद है।
निवेशकों को भा रहा एप्पल मॉडल
इस साल Apple के शेयरों में लगभग 23% की तेजी आई है और इसने मार्केट में बेहतर प्रदर्शन किया है। निवेशक इसके AI एजेंडा और कम कैपिटल खर्च वाले मॉडल को पसंद कर रहे हैं, जबकि दूसरी कंपनियां इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में भारी निवेश कर रही हैं।

