नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले काफी बवाल हुआ. मीडिया में आई पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास की रिपोर्ट ने हर तरफ तनाव का माहौल बना दिया. पूर्व क्रिकेटर से लेकर तमाम फैंस इसको लेकर बातें करने लगे. मैच में रोहित शर्मा ने शानदार शतक जमाया और इसके बाद उनकी कोच गौतम गंभीर से लॉर्ड्स की बालकनी पर बातचीत के वीडियो ने हंगामा मचा दिया.
मैच के दौरान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच हुई बातचीत चर्चा का विषय बन गई. मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में दोनों के बीच हुई बातचीत कैमरे में कैद हुई. सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे. दोनों के बीच क्या बात हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
Rohit Sharma having an intense conversation with Gautam Gambhir after his century. 👀 pic.twitter.com/0f6v6Na8Ww
— Wickets Hitting (@offpacedelivery) July 19, 2026
इस मुकाबले से पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चयन समिति और टीम मैनेजमेंट 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नई रणनीति पर विचार कर रहे हैं. ऐसे माहौल में रोहित ने बल्ले से शानदार जवाब देते हुए लॉर्ड्स में 138 रनों की यादगार पारी खेली. वनडे में इस ऐतिहासिक मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए.
रोहित के पवेलियन लौटने के बाद कैमरा ड्रेसिंग रूम की ओर गया. जहां वह मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ बातचीत करते नजर आए. दोनों की बॉडी लैंग्वेज को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. यह साफ नहीं है कि बातचीत किस चीज को लेकर हो रही थी. न ही किसी खिलाड़ी या टीम मैनेजमेंट ने इस पर कोई बयान दिया है. रोहित शर्मा ने लॉड्स में शतक जमाकर संन्यास को लेकर चल रही सारी खबरों पर विराम लगा दिया है.
मैच के बाद रोहित शर्मा ने साफ कहा मैदान से बाहर क्या कहा जाता है उस पर ध्यान नहीं देते. उनका काम मैदान के अंदर जाकर रन बनाना है और वो इसे करते रहेंगे. अब उनको अगली सीरीज के लिए तैयार होना है. पूर्व कप्तान ने कहा, डेब्यू से लेकर अब तक मैदान से बाहर के शोर को सुनता आया हूं आगे भी जब तक खेलूंगा सुनने मिलेगा. ये सारी चीजें हमारे लिए मायने नहीं रखती. अब भारत की अगली वनडे सीरीज सितंबर के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाएगी. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट आगे क्या फैसला लेते हैं.

