कहा- शिक्षा पर सुनियोजित हमला जारी, डीयू की स्वायत्तता भी निशाने पर
Delhi News, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। डीयू सत्याग्रह आज चौथे दिन भी जारी रहा, जबकि भूख हड़ताल को दो दिन पूरे हो चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं दे रहा है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया।
कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है
रचनात्मक कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, आंदोलनरत छात्रों को संबोधित करते हुए दीक्षित ने कहा, दिल्ली विश्वविद्यालय की स्वायत्तता पर यह हमला कोई अलग-थलग घटना नहीं है। यह शिक्षा पर सुनियोजित हमले का हिस्सा है। नीट से लेकर जंतर-मंतर और अब डीयू तक एक जैसा चलन दिखाई देता है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।
शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए
पूर्व सांसद ने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। एनएसयूआई का आरोप है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी संस्थागत निष्पक्षता नहीं बरती। इसको लेकर वह अपना विरोध दर्ज करा रही है।
कुलपति के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया
वहीं छात्रों का आरोप है कि कुलपति उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय अपने रुख पर कायम हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि कुलपति के प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल पर पहुंचकर भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की, लेकिन मांगों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल ने उनकी मांगों पर चर्चा करने के बजाय भूख हड़ताल पर बैठे साथियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता तब तक जारी रहेगी भूख हड़ताल
वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष कार्यालय की ओर से आंदोलन में शामिल छात्रों को उनके संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए Letter of Appreciation भी जारी किए गए। छात्र नेताओं ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक डीयू सत्याग्रह और भूख हड़ताल दोनों जारी रहेंगे।

