नई दिल्ली. दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन INDIA की आयोजित मेगा रैली में तमाम बड़े नेता जमा हुए. इसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी और केसी वेणुगोपाल समेत कई अन्य नेता पहुंचे.
विपक्षी गठबंधन के अन्य नेता और विभिन्न दलों के प्रतिनिधि भी रामलीला मैदान में जुटे हैं. इस रैली के जरिए विपक्ष ने विवादित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है. रैली को देखते हुए राजधानी में 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों को तैनात किया जा रहा है.
#WATCH | Delhi: Latest visuals from Ramlila Maidan, where the INDIA bloc mega rally will begin shortly. https://t.co/E6WUWfSQVV
— ANI (@ANI) November 1, 2026
रामलीला मैदान और आसपास के इलाके को सुरक्षा के लिहाज से 14 जोन में बांटा गया है. पूरे कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं. पुलिस ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था का भी विशेष इंतजाम किया है. इस रैली में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगभग 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
दूसरी ओर, रैली के कारण आसपास के बाजारों में कारोबार प्रभावित होने की आशंका को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है. व्यापारियों का कहना है कि रैली के दौरान सड़कें बंद होने और यातायात में बदलाव के कारण दिवाली से पहले खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को परेशानी हो सकती है

