नई दिल्ली. मानसून ने पूरे देश में अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. देश के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. मानसूनी बारिश के बीच छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या शुक्रवार, 31 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे? भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. लेकिन फिलहाल देशभर में स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है.
फिलहाल केंद्र सरकार और किसी भी राज्य सरकार ने बारिश के कारण 31 जुलाई के लिए राज्यव्यापी स्कूल अवकाश घोषित नहीं किया है. स्कूल बंद करने का फैसला स्थानीय मौसम और स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन करेगा. राज्यों में स्थिति को देखते हुए इसपर कोई फैसला लिया जाएगा.
IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 31 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है. ऐसे में स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है. जरूरत पड़ने पर स्कूलों को लेकर अलग से आदेश जारी कर सकता है.
फिलहाल पंजाब एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां 31 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे. लेकिन इसका कारण बारिश नहीं है. पंजाब सरकार ने शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर राजपत्रित अवकाश घोषित किया है. सरकारी स्कूल और कई शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे. वहीं दिल्ली-एनसीआर, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश के कारण अभी तक स्कूल बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है.
मौसम विभाग ने लोगों से केवल जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संबंधित स्कूलों द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है. यदि किसी जिले में मौसम ज्यादा खराब होता है, तो वहां स्थानीय प्रशासन अलग से स्कूल बंद करने का निर्णय ले सकता है. फिलहाल 31 जुलाई को पूरे देश में स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं की गई है. छात्रों और अभिभावकों को स्कूल जाने से पहले अपने स्कूल और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना जरूर जांच लेनी चाहिए.

