Diljit Dosanjh Indore Concert News: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले मध्य प्रदेश के इंदौर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर में तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। मामला सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस ने संबंधित स्कूलों में बम निरोधक दस्ते की मदद से जांच कराई, जबकि क्राइम ब्रांच ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
तीन स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ईमेल
इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली। इन संदेशों में दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट का उल्लेख किया गया था। ईमेल में बच्चों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की चेतावनी भी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस को सूचना दी। महापौर कार्यालय को मिले ईमेल की भी जांच शुरू कर दी गई।
News Alert! Bomb threat emails sent to 3 private schools and Indore Mayor’s office over singer Diljit Dosanjh’s concert on Nov 15: Police. https://t.co/wuOTWxNN7e
— Press Trust of India (@PTI_News) November 2, 2026
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने की जांच
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर सघन तलाशी ली। वहीं, महापौर सचिवालय को मिले ईमेल को भी गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में धमकी के फर्जी होने की आशंका सामने आई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
पंजाबी भाषा में लिखे गए धमकी भरे ईमेल
पुलिस अधिकारी के मुताबिक सभी धमकी भरे ईमेल पंजाबी भाषा में लिखे गए थे। इनमें बच्चों को दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में नहीं भेजने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में दावा किया गया था कि कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल की भाषा और उसमें किए गए दावों को देखते हुए पुलिस इसकी तकनीकी और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार धमकी भरे ईमेल में ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम का इस्तेमाल किया गया है। संदेश में रुखन शाहवाला, इंजीनियर गुरानाख सिंह और डॉ. गुरनिरवेर सिंह के नाम दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) से जुड़े प्रोफेसर गुरकाल सिंह पीएचडी का नाम भी सामने आया है।
15 नवंबर को होगा दिलजीत दोसांझ का शो
दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। वह इन दिनों अपने इंडिया टूर के तहत देश के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्मेंस दे रहे हैं। उनके दिल्ली कार्यक्रम के बाद इंदौर में होने वाले शो को लेकर प्रशंसकों में उत्साह है। हालांकि कार्यक्रम से पहले मिली धमकियों ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां ईमेल की जांच के साथ-साथ कार्यक्रम से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर भी नजर बनाए हुए हैं।

