नई दिल्ली. अब देशभर में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पंजाब और हरियाणा में 31 जुलाई, शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे लेकिन इसकी वजह बारिश नहीं है. हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मन में सवाल है कि क्या स्कूल बंद रहेंगे?
फिलहाल बारिश के कारण पूरे देश में स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. कई राज्यों में जिला प्रशासन स्थानीय मौसम और सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी का फैसला ले सकता है. IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है.
31 जुलाई को राज्य में स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन इसका कारण बारिश नहीं है. शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार ने छुट्टी की घोषणा की है. हरियाणा में भी शहीद ऊधम सिंह की जयंती/शहादत दिवस के सम्मान में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है.
भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील जिलों में जिला प्रशासन जरूरत पड़ने पर स्कूलों की छुट्टी घोषित कर सकता है. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन सब-डिवीजन में भारी बारिश की चेतावनी के चलते प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया था. छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को 29 जुलाई तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे. प्रशासन के निर्देश के अनुसार स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), तकनीकी शिक्षण संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र निर्धारित तिथि को बंद थे.
दिल्ली में बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान है, लेकिन फिलहाल स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. मौसम की स्थिति को देखते हुए ही राज्य सरकार इस पर फैसला लेती है.
फिलहाल 31 जुलाई के लिए देशभर में स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं की गई है. छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संबंधित स्कूल की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें. यदि मौसम बिगड़ता है, तो स्थानीय स्तर पर स्कूल बंद करने का फैसला लिया जा सकता है.

