Big Dairy Price Hike In Maharashtra: महाराष्ट्र में दूध खरीदने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है. राज्य में गाय और भैंस के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है. मेन सहकारी और निजी डेयरियों के प्रतिनिधियों की बैठक में इस फैसले पर सहमति बनी है. नए दाम 11 अगस्त से लागू किए जाएंगे.
बढ़ती लागत के चलते लिया गया फैसला
दूध की कीमत बढ़ाने का निर्णय Milk Producers and Processors Welfare Association की बैठक में लिया गया. शुक्रवार को हुई इस बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपालराव म्हास्के ने की.
एसोसिएशन का कहना है कि डेयरी कारोबार की लागत लगातार बढ़ रही है. डीजल की कीमत में करीब 10 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जबकि पैकेजिंग से जुड़े खर्च में लगभग 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है. इसके अलावा दूध की खरीद लागत भी बढ़ चुकी है और आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.
डेयरी उत्पाद भी होंगे महंगे
बढ़ते खर्च को देखते हुए दूध के बिक्री मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का फैसला किया गया है. इसके साथ ही अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा सकती है. नए संशोधित दाम 11 अगस्त से प्रभावी होंगे.
दूध पर MSP को लेकर सरकार का रुख साफ
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच पिछले महीने केंद्र सरकार ने संसद में दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय करने को लेकर स्थिति साफ की थी. सरकार ने बताया था कि फिलहाल दूध के लिए MSP लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है.
लोकसभा में एक लिखित जवाब में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा था कि दूध की कीमतें वर्तमान में सहकारी समितियों और निजी डेयरियों द्वारा बाजार की परिस्थितियों के आधार पर तय की जाती हैं.

