
India Weather Update 19 August 2026: सावन का महीना चल रहा है और देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश देखने को मिल रही है। कई राज्यों में मानसून कमजोर पड़ता दिख रहा है, तो कुछ राज्यों में बारिश मुसीबत बनती जा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार यानी 19 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और नॉर्थ ईस्ट राज्यों में भी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में बारिश से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में बुधवार को दिन की शुरुआत से ही बादल घिरे रहेंगे। IMD के बुलेटिन के अनुसार 19 अगस्त को दिल्ली में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 26 से 28 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रह सकता है। सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि कुछ जगहों पर बारिश मध्यम तीव्रता की भी हो सकती है। शाम से रात के बीच एक और हल्की बारिश का दौर आने की संभावना है। दिल्ली में उमस के बीच बादल और रुक-रुककर बारिश दिनभर मौसम का मिजाज बदल सकते हैं।
पंजाब में आज कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब में 19 अगस्त को मानसून सक्रिय रहने वाला है। IMD ने राज्य में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, मलेरकोटला, बरनाला, मानसा, बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का और मुक्तसर जैसे जिलों में बादल, गरज-चमक और रुक-रुककर बारिश की स्थिति बन सकती है। पंजाब में सक्रिय ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ की स्थिति बारिश के लिए अनुकूल बनी हुई है।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा में भी बुधवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। IMD के मुताबिक अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा सहित प्रदेश के कई जिलों में आसमान बादलों से घिरा रह सकता है और बारिश हो सकती है। दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तरी हरियाणा में बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत ज्यादा सक्रिय रह सकती है, जबकि दक्षिणी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 19 अगस्त को भी मानसून का असर काफी ज्यादा रहने वाला है। IMD ने 19 से 21 अगस्त के दौरान राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसका असर शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति समेत कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जबकि शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा और सोलन जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का जोखिम बढ़ सकता है।
बाकी राज्यों में क्या है मौसम का हाल
देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 18 से 23 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है, जबकि 19 से 21 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में भी बारिश का दौर सक्रिय रहेगा और 20 से 24 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्सों में 19 अगस्त तक बारिश और पूर्वी हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधि बनी रहने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है, जबकि झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में झमाझम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत में कोंकण-गोवा में व्यापक बारिश, जबकि गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
