
प्रशासन और पुलिस ने दोनों समुदायों के लिए अलग-अलग मार्गों की व्यवस्था की
Bhojshala Dispute, (द भारत ख़बर), धार: मध्य प्रदेश के धार जिले की ऐतिहासिक भोजशाला में शुक्रवार को हिंदू समाज के आह्वान पर विशेष हनुमान चालीसा पाठ शुरू हो गया है। इधर दोपहर 1 बजे मुस्लिम समाज के लोग नमाज के लिए भोजशाला के पीछे स्थित खसरा क्रमांक 612 वाले परिसर की ओर पहुंचे। नमाज को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। भोजशाला और नमाज स्थल, दोनों तरफ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। नमाज स्थल के चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई।
पूरे इलाके को सफेद पर्दों से कवर कर दिया गया, ताकि कहीं से भी कोई प्रवेश न कर सके। दोनों पक्षों के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए थे। गौरतलब है कि भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 29 अक्टूबर 2026 को तय की गई है। सभी पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
हमें सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा का अधिकार मिला
भोज उत्सव समिति के संरक्षक विश्वास पांडे ने कहा, हम तो प्रत्येक शुक्रवार को हनुमान चालीसा का पाठ करते आए हैं और करते रहेंगे। हमें सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा का जो अधिकार हिंदू समाज को मिला है, उसी के तहत हम पूजा-पाठ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, उससे (नमाज से) हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमें तो सिर्फ सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा का जो अधिकार मिला है, उसका हम माननीय न्यायालय के आदेश के तहत पालन कर रहे हैं और करते रहेंगे। भोजशाला हिंदुओं का मंदिर है। मां सरस्वती का स्थान है।
प्रतिदिन हमारे पूजा-पाठ का सिलसिला जारी रहेगा
उन्होंने कहा, हम दोपहर 1 से 3 बजे के बीच हनुमान चालीसा का पाठ भक्ति भाव के साथ करेंगे। इसलिए सारा समाज यहां इकट्ठा हुआ है। प्रत्येक शुक्रवार क्या, हम तो प्रतिदिन मां की पूजा करते हैं। प्रतिदिन हमारे पूजा-पाठ का जो सिलसिला है, वह जारी है।
ये भी पढ़ें: जयपुर में सीजेपी नेताओं को दौड़ाकर पीटा, गाड़ियों के शीशे तोड़े, आशुतोष रांका का टूटा पैर !
