Defence Ministry official found dead (द भारत ख़बर) नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर कार्यरत 30 वर्षीय महिला अधिकारी की मौत का मामला सामने आया है। महिला गर्भवती थी और द्वारका स्थित अपने घर में मृत पाई गई। परिवार का आरोप है कि उसके पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
चार महीने पहले हुई थी शादी
रक्षा मंत्रालय में सहायक सेक्शन अधिकारी नाजिया खानम की शादी आजम अली खान से महज चार महीने पहले 11 अप्रैल को हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, वह तीन महीने की गर्भवती थीं। शादी के तुरंत बाद, उन्होंने कथित तौर पर अपने परिवार को बताया कि उनके पति, सास समीन निशा और ससुर बाबर अली खान उसके साथ गाली-गलौच, मारपीट और घर से बेदखल करने या जान से मारने की धमकी देते थे।
कई बार की थी शिकायत
पीड़िता के परिवार के अनुसार, नाजिया ने अपने पति के व्यवहार के बारे में कई बार शिकायत की, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। 21 अगस्त को सुबह करीब 4 बजे नाजिया के परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। कहा गया कि उसने आत्महत्या की है।
परिवार को ठहराया जिम्मेदार
हालांकि, परिवार ने उसकी मौत पर सवाल उठाए। उन्हें शक था कि उसकी हत्या हुई है और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है। नाजिया के पिता तवाब खान ने उसकी मौत के लिए उसके पति को जिम्मेदार ठहराया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

