
राजनीतिक मतभेद से पारिवारिक विवाद तक पहुंचा मामला
(द भारत ख़बर), सहारनपुर: सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के समाजवादी पार्टी जॉइन करने के बाद पारिवारिक विवाद खुलकर सामने आ गया है। इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद पर अपनी बीवी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। शनिवार को इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव कर अपने बहनोई शायान मसूद और उनके पिता शादान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए।
हमजा ने दावा किया कि उनकी बहन सुबिया मसूद के साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया। परिवार पिछले पांच सालों से रिश्तेदारी और सम्मान की वजह से चुप था, लेकिन अब बहन के साथ ज्यादती के बाद चुप रहना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास कई आॅडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा। तीन दिन पहले ही शायान मसूद ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी।
राजनीतिक कारणों के चलते खराब हुई बहन की जिंदगी
हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की जिंदगी राजनीतिक कारणों से खराब हुई। अब बहन और उसके एक साल के बच्चे की जिम्मेदारी उनका परिवार उठाएगा। उनके पिता की बीमारी के दौरान राजनीतिक विरोधियों ने हालचाल पूछा, लेकिन अपने ही रिश्तेदार परिवार के खिलाफ सक्रिय रहे।
राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो मैदान में लड़ें, परिवार की निजी बातें सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए
वहीं, शायान मसूद ने अपने साले के आरोपों का जवाब दिया है। मसूद ने कहा कि यदि राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो मैदान में लड़ें। परिवार की निजी बातें सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए। उनके पास भी बहुत कुछ कहने को है, लेकिन वह परिवार के निजी मामलों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
20 अगस्त को शायान मसूद ने जॉइन की थी सपा
आपको बता दें कि 20 अगस्त को शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी जॉइन की थी। लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद शायान ने इमरान मसूद की राजनीतिक लाइन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि भाजपा को हराने के लिए अखिलेश यादव का साथ जरूरी है।
