नई दिल्ली. कॉमेडियन समय रैना को लाख चेतावनी दिए जाने के बाद भी वो सुधरने का नाम नहीं ले रहे. कोर्ट तक के चक्कर लगा चुके इस कॉमेडियन का शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ एक बार फिर से चर्चा में हैं. विवादों की वजह से जेल की हवा खा चुके समय का शो फिर गलत वजह से सुर्खियों में है. एक हालिया एपिसोड में समय रैना और स्टैंडअप कॉमेडियन शेरोन वर्मा के बीच हुई बातचीत विवाद की वजह बन चुकी है. सोशल मीडिया पर इसको लेक लेकर लोग कमेंट कर रहे हैं. बिहारियों और कश्मीरी पंडितों को लेकर किए गए मजाक पर लोगों में नाराजगी है. इस मामले पर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.
मनोज बाजपेयी ने भी समय के शो में हुए विवाद पर रिएक्शन दिया. आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, अगर इस तरह की बातें मजाकिया है और इसको सिर्फ मनोरंजन के लिए कही गई हैं तो व्यक्तिगत तौर पर उनको इसे लेकर कोई आपत्ति नहीं. मुझे लगता है कि आज जहां इतना तनाव है तो ऐसे में समाज में लोगों को खुद पर हंसना और एक-दूसरे के साथ हंसना सीखना चाहिए.
मनोज ने आगे इस बारे में बात करते हुए कहा, मजाक अपनी जगह है लेकिन इसके साथ एक दूसरे का सम्मान बेहद जरूरी है. हमें न सिर्फ अपने लिए बल्कि सामने बैठे हर व्यक्ति और उसके समुदाय के प्रति भी संवेदनशील रहना चाहिए. आम तौर पर हम अपने निजी जीवन में जब एक-दूसरे के साथ सहज होते हैं तो वे अक्सर मजाक करते हैं और इसे बस मजाक में ही लिया जाना चाहिए जब तक कि यह व्यक्तिगत ना हो.

