नई दिल्ली. अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. मंगलवार, 1 सितंबर को बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया. इस टीम में संजू सैमसन की वापसी हुई है जबकि जसप्रीत बुमराह के साथ कई खिलाड़ियों को टीम में फिटनेस क्लीयर करने की शर्त पर शामिल किया गया है. श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे.
इस टीम में जो बात सबका ध्यान खींच रही है वो चार खिलाड़ियों को नाम हैं जो अभी चोट से उबर रहे हैं. सबसे बड़ी खबर जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी है. बुमराह के साथ नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा को टीम में तो चुना गया है लेकिन उनके साथ शर्त फिटनेस साबित करने की रखी गई है. इसका मतलब हुआ कि अगर वो नाकाम रहे तो टीम से बाहर हो जाएंगे. हालिया श्रीलंका दौरे पर भी हमने देखा था कि जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन को सीरीज से बाहर होना पड़ा था.
India’s squad for Afghanistan T20I series announced. #TeamIndia will play three T20Is against Afghanistan at New Delhi, beginning September 13.#AFGvIND pic.twitter.com/UqTUeZyHz8
— BCCI (@BCCI) September 1, 2026
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से तीन खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है. इंग्लैंड के दौरे पर खेली गई टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा रहे सूर्यांश शेगड़े, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव को चयनकर्ताओं ने मौका नहीं दिया है. संजू सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई सीरीज से बाहर रखा गया था. इस सीरीज के लिए उनको टीम में वापसी का मौका मिला है. महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है. इंग्लैंड में डेब्यू करने वाले इस बैटर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी.
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।*

