यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में सेना की मॉकड्रिल के दौरान लापता हुए 2 जवानों में से एक का शव करीब 25 घंटे बाद बरामद हो गया है. बुधवार शाम को उत्तर प्रदेश के बरथा कोरसी गांव से शव को बरामद किया गया. जहां नदी में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल में जवान का शव फंस गया.
स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर किनारे पर लाया गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही सेना के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई औऱ शव को कब्जे में लिया. फिलहाल, जवान की पहचान का खुलासा आर्मी ने नहीं किया.
दरअसल, मंगलवार शाम करीब 5 बजे हथिनीकुंड बैराज में सेना के स्पेशल कमांडो मॉकड्रिल कर रहे थे. इसी दौरान चिनूक हेलीकॉप्टर से पांच जवान हथिनीकुंड बैराज में कुदे और फिर पानी के तेज बहाव में नाव अचानक पलट गई. हादसे के बाद तीन जवान किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो जवान लापता हो गए थे. अबप एक जवान का शव अब बरामद हो चुका है, लेकिन दूसरा जवान अभी भी लापता है. उसकी तलाश में सेना के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें हथिनीकुंड बैराज से सटी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
करीब 25 घंटे बाद एक जवान का शव मिलने से जहां परिवार और सेना के लिए यह बेहद भावुक पल है, वहीं दूसरे लापता जवान की तलाश अभी भी चुनौती बनी हुई है. तेज बहाव और नदी के कठिन हालात के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं. बताया जा रहा है कि एक जवान जम्मू एवं कश्मीर और दूसरा महाराष्ट्र का रहने वाला है. ये सभी हिमाचल प्रदेश के नाहन के आर्मी ट्रेनिंग स्कूल से हथिनीकुंड में ट्रेनिंग के लिए पहुंचे थे. जो के स्पेशल पैरा कमांडो थे.
