SpiceJet Flights Delayed News: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर शनिवार सुबह स्पाइसजेट की कई उड़ानों में घंटों की देरी हुई। इससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली से जाने वाली चार घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान प्रभावित हुईं। इनमें लेह, जम्मू और दुबई जाने वाली उड़ानें शामिल थीं। कुल मिलाकर 500 से ज्यादा यात्रियों पर असर पड़ने की बात सामने आई है। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी परिचालन संबंधी व्यवधान की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी टीमें एयरलाइन और संबंधित पक्षों के साथ मिलकर प्रभावित यात्रियों की मदद कर रही हैं।
लेह और जम्मू जाने वाली उड़ानों में देरी
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से संचालित होने वाली चार घरेलू उड़ानें इस व्यवधान से प्रभावित हुईं। इनमें तीन उड़ानें लेह और एक जम्मू के लिए थीं। इन चार उड़ानों से जुड़े करीब 450 यात्रियों को परेशानी हुई। सबसे ज्यादा देरी लेह जाने वाली SpiceJet SG127 में हुई। इस उड़ान का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 4:50 बजे था, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक यह करीब 9 बजे रवाना हुई। यात्रियों को करीब चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा लेह की SG121 का निर्धारित समय सुबह 6:10 बजे और SG125 का सुबह 8:45 बजे था। जम्मू जाने वाली SG2160 को सुबह 7:40 बजे रवाना होना था, लेकिन यह भी एक घंटे से ज्यादा देरी से चली। फ्लाइट-स्टेटस डेटा में भी SG121, SG125 और SG2160 के लिए देरी दर्ज की गई थी।
चेक-इन स्टाफ के नहीं पहुंचने से हुई परेशानी
फ्लाइट्स में देरी की एक बड़ी वजह चेक-इन व्यवस्था से जुड़ी बताई गई है। रात करीब 2:30 बजे टर्मिनल-1 पर लेह जाने वाली उड़ानों के यात्रियों का चेक-इन शुरू होना था, लेकिन एयरलाइन का चेक-इन स्टाफ वहां समय पर नहीं पहुंचा। लंबे समय तक इंतजार के बाद यात्रियों में नाराजगी बढ़ने लगी। स्थिति संभालने के लिए ड्यूटी मैनेजर को बुलाया गया और इसके बाद यात्रियों को शांत कराया गया। बाद में चेक-इन प्रक्रिया शुरू हो सकी।
दुबई जाने वाली SG5111 फ्लाइट भी हुई लेट
घरेलू उड़ानों के अलावा दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की SG5111 भी देरी से रवाना हुई। यह उड़ान टर्मिनल-3 से सुबह 7:45 बजे रवाना होने वाली थी। रिपोर्ट में फ्लाइट-रडार के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि विमान ने सुबह 9:42 बजे उड़ान भरी। इससे यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
SpiceJet ने बताई ‘ऑपरेशनल’ वजह
स्पाइसजेट के प्रवक्ता के मुताबिक SG121, SG127 और SG2160 की देरी परिचालन कारणों से हुई। एयरलाइन ने यह भी कहा कि संबंधित उड़ानें अपने गंतव्य तक पहुंच चुकी हैं और यात्रियों को हुई असुविधा पर उसे खेद है। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी शनिवार को स्पाइसजेट की कुछ उड़ानों में देरी के कारण यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया। एयरपोर्ट के मुताबिक उसकी टीमें एयरलाइन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ कोऑर्डिनेट कर प्रभावित यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही थीं। यात्रियों से धैर्य रखने और एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ से संपर्क करने को कहा गया था।

