
Uttarkashi Accident News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री नेशनल हाईवे (NH-108) पर गंगनानी के पास यात्रियों से भरी एक इनोवा कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई और सीधे गंगा नदी में जा समाई। हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी किनारे से चार शव बरामद किए हैं। अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
गंगनानी के पास कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास धारा कुंड से लगभग 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुई। बताया जा रहा है कि इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद वाहन नदी में समा गया। हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और SDRF की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव दल ने नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
यात्रियों की संख्या अभी कंफर्म नहीं
हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे से चार शव बरामद किए। हालांकि वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसे लेकर सटीक जानकारी नहीं मिली है। यात्रियों की कुल संख्या और लापता लोगों का अंतिम आंकड़ा प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगा। इनोवा कार में सवार यात्री गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। घायल व्यक्ति को सड़क तक पहुंचाकर अस्पताल भेजने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन की ओर से परिजनों से संपर्क करने और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF, उत्तरकाशी पुलिस, जिला प्रशासन और आपातकालीन चिकित्सा टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव और घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति बचाव कार्य में मुश्किलें पैदा कर रही हैं। रेस्क्यू टीमें नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही अन्य यात्रियों की स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच भी की जा रही है।
