नई दिल्ली. भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशियन गेम्स फाइनल में रौंदते हुए लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तूफानी फिफ्टी के दम पर 6 विकेट पर 211 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट पर 192 रन ही बना पाई. भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर एशियन गेम्स में तिरंगा लहराया.
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एशियन गेम्स फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करन का फैसला लिया था. वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत की लेकिन विकेट गंवा बैठे. इससे बाद अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. 20 बॉल पर फिफ्टी ठोकी और फिर 61 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इस पारी के दौरान 3 चौका और 7 छक्का लगाया. उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने छठे नंबर पर आकर अर्धशतक जमा टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. तिलक ने 22 बॉल पर 51 रन की पारी खेल डाली.

