नई दिल्ली. दुनिया की सबसे पॉपुलर टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के ऑक्शन में बड़े नाम उतरने को तैयार हैं. इस बार की नीलामी में बांग्लादेश के खिलाड़ी नजर आने वाले हैं. पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर के नाम पर भी बोली लगेगी. इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स चार साल बाद IPL में वापसी करने के लिए तैयार हैं.
आईपीएल की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होने जा रही है. इसके लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा है. ऐसे में उन्हें नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल माना जा रहा है. स्टोक्स आखिरी बार 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से IPL में खेले थे. उस सीजन चेन्नई ने खिताब जीता था, लेकिन 16.25 करोड़ रुपये में खरीदे गए स्टोक्स केवल दो मुकाबलों में ही खेल सके थे.

एक साल का लगा था बैन
बेन स्टोक्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम नहीं दिया था. इसके चलते उन्हें 2026 के मिनी ऑक्शन में हिस्सा लेने से रोक दिया गया था. उनके मामले में केवल एक साल का प्रतिबंध लागू था, इसलिए वह 2027 के ऑक्शन में वापसी कर सकते हैं. हैरी ब्रूक और बेन डकेट पर दो साल का प्रतिबंध लागू है. यह नियम उन खिलाड़ियों पर लागू होता है. नीलामी में खरीदे जाने के बाद सीजन शुरू होने से पहले अपना नाम वापस ले लेते हैं.
🚨 News 🚨
1,220 players feature on Auction Register for #TATAIPL 2027 Player Auction.
More Details 🔽
https://t.co/88hKhMyLgi
— IndianPremierLeague (@IPL) November 25, 2026
11 बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
पिछले साल मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े विवाद के बावजूद इस बार 11 बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए नाम दिया है. इनमें मुस्तफिजुर रहमान, शाकिब अल हसन और तेज गेंदबाज नाहिद राणा शामिल नहीं हैं. रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों में हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपोन मंडल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, तंजिम हसन साकिब, तौहीद हृदोय और मोहम्मद रुबेल शामिल हैं.

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर भी ऑक्शन की रेस में
इस बार नीलामी में भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की अंडर-19 एशिया कप विजेता टीम के खिलाड़ी आर्यवीर सहवाग ने भी अपना नाम रजिस्टर कराया है. वह पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं और टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे. इसके अलावा फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के हीरो रहे मोहित उलवा ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है. राहुल द्रविड़ के बेटे अनय और टीम के कप्तान लक्ष्य रामचंदानी ने अपना नाम नहीं दिया है.
1220 खिलाड़ियों में कितने भारतीय और विदेशी?
ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले 1220 खिलाड़ियों में 14 कैप्ड भारतीय और 170 कैप्ड विदेशी खिलाड़ी हैं. इसके अलावा 42 एसोसिएट देशों के खिलाड़ी भी शामिल हैं.
- कैप्ड भारतीय खिलाड़ी: 14
- कैप्ड विदेशी खिलाड़ी: 170
- एसोसिएट देशों के खिलाड़ी: 42
- IPL खेल चुके अनकैप्ड भारतीय: 127
- अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी: 798
- अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी: 69
1 दिसंबर को आएगी फाइनल लिस्ट
रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी 1220 खिलाड़ियों को नीलामी में जगह नहीं मिलेगी. फ्रेंचाइजी टीमों के पास 27 नवंबर तक अपनी पसंद के नाम देने का मौका है. इसके बाद 1 दिसंबर तक उन्हें BCCI को उन खिलाड़ियों की सूची सौंपनी होगी, जिन्हें वे ऑक्शन में शामिल देखना चाहती हैं. इसके बाद IPL गवर्निंग काउंसिल अंतिम सूची जारी करेगी. इसी सूची से तय होगा कि 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी में कितने खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाएंगे.

