CJP Protest Latest Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर पहुंचे सैकड़ों लोगों को अब तक हिरासत में लिया जा चुका है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया है। ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही थी। दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के सहयोग से सुबह करीब 8 बजे यह कार्रवाई की।
CJP ने ध्रुव राठी की हिरासत की निंदा की
CJP ने ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए उनकी रिहाई की मांग की है। संगठन ने इस कार्रवाई को प्रदर्शन से पहले की गई पुलिस कार्रवाई का हिस्सा बताया है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। ऐसे में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम सख्त किए गए हैं। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे सेंट्रल दिल्ली जाने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें।
सौरभ दास और अभिजीत दीपके पर नजर
प्रदर्शन से पहले CJP के नेताओं सौरभ दास और अभिजीत दीपके की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। इससे पहले दोनों नेताओं ने आशंका जताई थी कि उन्हें प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया जा सकता है। अभिजीत दीपके ने 9 अक्टूबर को कहा था कि दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संगठन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना पर कायम है। CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सीमाओं और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस ने कई स्थानों पर जांच चौकियां बनाई हैं और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और अन्य परिवहन केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर के आसपास कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

