नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह की इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी होने जा रही है. अगले सीजन में वो दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ मैदान और डगआउट में नजर आने वाले हैं. युवी को टीम ने बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी दी है. फ्रेंचाइजी ने मंगलवार (13 अक्टूबर) को इसकी आधिकारिक घोषणा की. दिल्ली कैपिटल्स ने शाम अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए युवराज की नियुक्ति की जानकारी दी.
इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन से खेल रही दिल्ली कैपिटल्स को अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार है. युवराज सिंह इससे पहले दिल्ली की आईपीएल टीम के लिए खिलाड़ी के तौर पर भी खेल चुके हैं. अब वह नई भूमिका में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ेंगे. युवराज ने अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों को मेंटर के तौर पर मार्गदर्शन दिया है. उनके अनुभव का फायदा दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को मिलने की उम्मीद है. युवराज दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने वाले नए सदस्य हैं। IPL 2027 में टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली संभालेंगे.
A champion. A leader. 𝐀 𝐓𝐢𝐠𝐞𝐫. 🐅🔥
The legend who inspired generations is ready to shape Dilli’s legacy. Welcome home, Yuvi paa! 💙❤️ https://t.co/i7A77rv2tJ
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 13, 2026
दिल्ली कैपिटल्स का बल्लेबाजी कोच बनाए जाने पर युवराज सिंह ने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपनी जिंदगी का नया चेप्टर शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं. इस फ्रेंचाइजी के साथ मेरा पुराना जुड़ाव रहा है. मैं इसके मालिकों को अच्छी तरह जानता हूं. इसलिए यह मौका मेरे लिए खास है.”
युवराज ने आगे कहा, “मैं इस बार कोच के तौर पर दादा (सौरव गांगुली) के साथ काम करने का भी इंतजार कर रहा हूं. कोचिंग एक ऐसा काम है, जिसे लेकर मैं वास्तव में जुनूनी हूं. मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ काम शुरू करने के लिए उत्सुक हूं. मुझे भरोसा है कि यह सफर शानदार रहेगा. मैं टीम की सफलता में योगदान दे सकूंगा।”

