Bihar Boat Accident News: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। यह घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुई। नाव पर सवार लोग पास के इलाके में आयोजित भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद नदी में डूबे लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 13 लोगों की मौत हो गई है। नाव पर लगभग 15 से 20 लोग सवार थे। चार से पांच लोगों के लापता होने की आशंका जताई गई थी।
भोज खाने जा रहे थे नाव पर सवार लोग
जानकारी के अनुसार रामपुर श्यामचंद पंचायत के पास नाव गंगा नदी की बीच धारा में पलट गई। नाव पर सवार लोग पास के भगतान टोला इलाके में एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पानी में डूब रहे लोगों को निकालने का प्रयास किया। कुछ लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए राघोपुर फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
SDRF और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता लोगों की तलाश शुरू की गई। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती चरण में उन्होंने पांच शव बरामद होने की जानकारी दी थी और लापता लोगों की तलाश जारी रहने की बात कही थी।
नाव पलटने की वजह साफ नहीं
नाव किस वजह से पलटी, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे या नहीं और दुर्घटना के समय नदी की स्थिति कैसी थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन और बचाव दल का प्राथमिक उद्देश्य लापता लोगों का पता लगाना और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

