नई दिल्ली. भारतीय टीम सीरीज को अपने नाम करने उतरी थी लेकिन वेस्टइंडीज ने हालात बदल दिए. कप्तान शाई होप की शतकीय पारी और कीमो पॉल के 5 विकेट ने मैच को आखिरी मुकाबले तक पहुंचा दिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने कप्तान की सेंचुरी के दम पर 3 विकेट पर 247 रन बना डाले. इसके बाद टीम इंडिया को महज 223 रन पर रोक 24 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज ने 2-2 की बराबरी हासिल की. इसका मतलब अब ट्रॉफी के विजेता का फैसला बेंगलुरु में होने वाले आखिरी मुकाबले में होगा.
वेस्टइंडीज के गेंदबाज पॉल ने भारतीय टीम के बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी. महज चार ओवर में 41 रन देकर 5 विकेट झटके और सीरीज में जोरदार वापसी की. टी20 इंटरनेशनल में यह उनका दूसरा पांच विकेट लेने का कारनामा है. इससे पहले उन्होंने 2018 में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ 15 रन देकर पांच विकेट लिए थे. इस मैच जिताऊ गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज 247/3 के स्कोर का बचाव करने में मदद की. जवाब में भारतीय टीम आखिरी ओवर में 223 रन पर ऑलआउट हो गई.
Shai Hope and Keemo Paul led an inspiring performance against India, setting up an enticing T20I series decider in Bengaluru 👊
https://t.co/qvj17gCM6w
— ICC (@ICC) October 14, 2026
वेस्टइंडीज के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक और शतक ठोक दिया. उन्होंने महज 50 बॉल पर 9 छक्के और 4 चौके की मदद से 102 रन की पारी खेली. उन्होंने अपनी टी20 इंटरनेशनल की तीसरी सेंचुरी पारी की आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर पूरी की. कप्तान को दूसरी छोर से छोटी साझेदारी मिली लेकिन असली काम शेरफेन रदरफोर्ड ने किया. उन्होंने 26 बॉल पर आकर 49 रन की पारी खेल डाली. उन्होंने कप्तान के साथ मिलकर टीम को 247 रन का पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुंचाया.
West Indies deliver a clinical performance to level the T20I series 2-2 against India and set up a decider in Bengaluru 👊
📝: https://t.co/WixfTzusOa https://t.co/PvS7eCgKs6
— ICC (@ICC) October 14, 2026
248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को ओपनर संजू सैमसन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई. उन्होंने गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए 23 गेंद में 56 रन ठोक दिए. उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे. भारत ने महज चार ओवर में बिना विकेट खोए 60 रन बना लिए थे. संजू अपना विकेट गंवाकर लौटे फिर ईशान किशन आउट हो गए. इसके बाद तो जैसे विकटों की झड़ी लग गई. कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह शमर स्प्रिंगर की गेंद पर 11 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गए. अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए. भारत का स्कोर 132 रन पर 5 विकेट हो चुका था. यहां से जीत मुश्किल हो चुकी थी.
मुश्किल में टीम इंडिया को निकालने का कारनामा कई बार कर चुके तिलक वर्मा भी इस मैच में ऐसा करने में नाकाम रहे. तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने आक्रामक बल्लेबाजी कर भारत की वापसी कराने की कोशिश की. दोनों ने महज 26 गेंदों में 59 रन की साझेदारी की. तिलक ने 25 गेंद में 43 रन बनाए, जबकि रेड्डी ने सिर्फ 20 गेंदों में 41 रन ठोक दिए. कीमो पॉल की शानदार गेंदबाजी ने भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

