Indian Embassy Issues Advisory in France: फ्रांस में महंगाई और बढ़ती लिविंग कॉस्ट के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनों के बीच हिंसा और लूटपाट जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। फ्रांस के कई शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, ताकि हालात काबू में किए जा सकें। हालात को देखते हुए पेरिस स्थित भारतीय दूतावास ने फ्रांस में रह रहे और वहां यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों के लिए सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, प्रदर्शन वाले इलाकों और बड़ी भीड़ से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है, जब फ्रांस में नए प्रदर्शनों की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।
भारतीय दूतावास ने क्या सलाह दी?
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी के अनुसार फ्रांस में रह रहे भारतीय नागरिकों और वहां जाने की योजना बना रहे यात्रियों को मौजूदा हालात पर नजर रखनी चाहिए। उन्हें उन जगहों पर जाने से बचना चाहिए जहां प्रदर्शन हो रहे हैं या जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों, यातायात संबंधी सूचनाओं और कर्फ्यू के आदेशों का पालन करने की सलाह दी गई है। प्रदर्शन के दौरान कई बार स्थिति अचानक बिगड़ सकती है। ऐसे में भारतीय नागरिकों को विरोध-प्रदर्शन देखने के लिए घटनास्थल पर जाने, भीड़ के बीच रुकने या हिंसक झड़प वाले इलाकों से गुजरने से बचना चाहिए। यात्रा करने से पहले सार्वजनिक परिवहन, सड़क मार्ग और संबंधित क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों की जानकारी लेना भी जरूरी है।
Indian Embassy in France issues advisory for Indian nationals in France and those travelling to the country
The advisory reads, “In view of the recent developments and localised curfews imposed in France, please remain vigilant and exercise due caution. Please avoid large gatherings and crowded places where protests are taking place, and follow the instructions and advisories issued by the local French authorities… In case of any emergency, Indian nationals can contact: Embassy of India, Paris: +33 6 48 34 00 63 | cons.paris@mea.gov.in…”
— ANI (@ANI) October 21, 2026
आपात स्थिति में दूतावास से करें संपर्क
फ्रांस में किसी आपात स्थिति का सामना करने वाले भारतीय नागरिकों को भारतीय दूतावास या संबंधित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
भारतीय दूतावास, पेरिस
फोन: +33 6 48 34 00 63
ईमेल: cons.paris@mea.gov.in
भारत का महावाणिज्य दूतावास, मार्सिले
फोन: +33 7 43 16 25 59
ईमेल: cgo.marseille@mea.gov.in
फ्रांस में क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन?
फ्रांस में हालिया विरोध प्रदर्शनों की प्रमुख वजह बढ़ती महंगाई, ईंधन और ऊर्जा की कीमतों में उछाल और आम लोगों पर बढ़ता आर्थिक दबाव बताया गया है। इसके साथ ही छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों में संसाधनों की कमी और शिक्षकों की उपलब्धता जैसे मुद्दे भी उठाए हैं। 17 अक्टूबर के आसपास हुए प्रदर्शनों के दौरान कुछ शहरों में हालात हिंसक हो गए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों के साथ दुकानों में लूटपाट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबरें आईं। इसके बाद प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकॉर्नू ने स्थानीय प्रशासन से प्रभावित इलाकों में आंशिक कर्फ्यू लगाने को कहा। सरकार का उद्देश्य हिंसा पर नियंत्रण करना और आगामी प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

