पलवल. हरियाणा के पलवल जिले के हथीन विधानसभा क्षेत्र के गांव बुराका स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में एक जेबीटी शिक्षक पर नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का आरोप लगा है. ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस स्कूल पहुंची और शिक्षक रमेश को अपने साथ थाने ले गई. ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक पहले भी कई बार शराब के नशे की हालत में स्कूल आता रहा है. मामले को लेकर गांव के सरपंच की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत भी दी गई है.
गांव के पूर्व सरपंच शेर मोहम्मद ने आरोप लगाया कि शिक्षक के व्यवहार को लेकर ग्रामीण पहले भी परेशान रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक नशे की हालत में स्कूल परिसर और गांव में घूमता दिखाई देता है. 21 अक्तूबर को शिक्षक की हालत देखकर ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस शिक्षक को अपने साथ थाने ले गई.
स्कूल के अंदर का वीडियो आया सामने
इस मामले से जुड़ा स्कूल के अंदर का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में शिक्षक घुटनों तक जींस ऊपर किए, चश्मा लगाए बैठा दिखाई दे रहा है. उसके साथ एक अन्य शिक्षक भी मौजूद है. वीडियो में बातचीत के दौरान उसकी बातें असामान्य प्रतीत होती हैं. हालांकि, केवल वीडियो के आधार पर शिक्षक के नशे में होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती.
बच्चों और प्रिंसिपल की शिकायतों का दावा
ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल के कई बच्चों ने भी शिक्षक के नशे की हालत में आने की शिकायत की है. स्कूल के प्रिंसिपल के अनुसार, शिक्षक के व्यवहार को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं. यह भी दावा किया गया कि शिक्षक की पिछली तैनाती के दौरान उसके व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं.
2022 से स्कूल में तैनात है शिक्षक
शिक्षक रमेश वर्ष 2022 से गांव बुराका के सरकारी प्राथमिक स्कूल में पढ़ा रहा है. वह चौथी कक्षा को पढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रहा था. स्कूल में करीब 300 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं. शिक्षक मूल रूप से पलवल जिले के गांव छपरौला का रहने वाला है. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी वेद ने बताया कि शिक्षक की हालत नशे में धुत व्यक्ति जैसी लग रही थी, इसलिए उसे थाने ले जाया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है. वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

