Delhi Metro News: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पोस्टर एक मेट्रो ट्रेन के अंदर सीट पर चिपकाए गए थे। पुलिस ने दोनों पोस्टरों को जब्त कर लिया है और उन्हें लगाने वाले लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी शामिल है।
20 अक्टूबर को ट्रेन में मिले थे पोस्टर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह मामला 20 अक्टूबर का है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) में तैनात ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी उस दिन शाम करीब 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन की ओर जा रहे थे। ट्रेन के गंतव्य पर पहुंचने के बाद निरीक्षण के दौरान उन्हें एक सीट पर दो पोस्टर चिपके दिखाई दिए। उन्होंने पोस्टर हटाकर वरिष्ठ अधिकारियों और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पोस्टर द्वारका सेक्टर-21 स्टेशन कंट्रोलर को सौंपे गए, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दोनों पोस्टरों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मेट्रो में मिले पोस्टर्स पर क्या लिखा था?
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोनों पोस्टर A4 आकार के काले-सफेद प्रिंट थे। इन पर सरकार विरोधी कुछ बातें लिखी हुई थीं। पोस्टर्स में देश में हाल के वर्षों में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे भी लिस्ट किए गए थे। इसके अलावा एक QR कोड के जरिए लोगों को ऑनलाइन समूह से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया था। पुलिस अब पोस्टरों की सामग्री, QR कोड और उन्हें लगाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। जांच का मुख्य उद्देश्य पोस्टर लगाने वालों की पहचान करना और यह पता लगाना है कि पोस्टर ट्रेन के अंदर कब और किसने लगाए। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक पोस्टर लगाने के पीछे जिम्मेदार लोगों या उनके उद्देश्य को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

