Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी से शनिवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा द्वारा आग लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। छात्रा स्कूल के सुरक्षा गार्ड के कमरे के बाहर जली हुई हालत में मिली।
बैग में लाई थी ज्वलनशील पदार्थ
आशंका जताई जा रही है कि छात्रा ज्वलनशील पदार्थ बैग में रखकर स्कूल गई थी। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि छात्रा ने यह कदम पारिवारिक विवाद में उठाया या स्कूल में उसका किसी से विवाद हुआ था। 25 अक्टूबर को छात्रा का जन्मदिन था।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि स्कूल में गार्ड के कमरे के पीछे 18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में मिली। उसे डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विद्यार्थियों की सुरक्षा पर सवाल
घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद हुई है। इन सामग्रियों की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस वारदात ने स्कूल में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट
छात्रा घोंडली गांव की निवासी थी। छात्रा दिल्ली में अपनी बहन के साथ रहती है और उनके माता-पिता गांव में रहते हैं। उसके बैग से तीन सुसाइड नोट मिले हैं। सुसाइड नोट में लिखा कि मैं अपनी माता पिता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में किसी लड़के का भी जिक्र है। ऐसे में, पुलिस प्रेम के एंगल पर भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार वह छठे पीरियड के बाद क्लास पास लेकर पानी पीने जाने की बात कहकर बाहर निकली थी।
टैंक के पास जली हालत में मिली
2-3 मिनट बाद ही चिल्लाने की आवाज आई। पानी के टैंक के पास ही पूरी तरह जली मिली। पुलिस के अनुसार छात्रा ने शरीर पर कोई केमिकल डालकर अपनी जान दी है।

