Nepal Helicopter Crash: दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट क्षेत्र से एक दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आई है। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड के एक नागरिक समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकराते और विमान जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। नेपाल पुलिस और विमानन अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।
फेरीचे हेलीपैड पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-4 स्थित फेरीचे हेलीपैड पर हुई। इस हादसे में एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर शामिल थे। दोनों हेलिकॉप्टर माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में उड़ान भरने के बाद फेरीचे में उतरने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए और दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। फेरीचे माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में स्थित एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों को लाने-ले जाने तथा आपातकालीन रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता है।
हादसे में भारतीय पर्यटक की मौत
इस हादसे में मारे गए शख्स की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलरामारामाडु के रूप में बताई गई। वह फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार थे। इस दुर्घटना में न्यूजीलैंड का एक नागरिक भी घायल हुआ है। इसके अलावा हेलिकॉप्टर के एक नेपाली पायलट के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए काठमांडू ले जाने की खबर है। हादसे में शामिल दोनों हेलिकॉप्टर निजी विमानन कंपनियों एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के थे। फिशटेल एयर का हेलिकॉप्टर पर्यटकों को लेकर एवरेस्ट क्षेत्र से लौट रहा था, जबकि एयर डायनेस्टी का हेलिकॉप्टर सामान लेकर पहुंचा था।
सामने आया हादसे का वीडियो
हेलिकॉप्टर दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया और न्यूज प्लेटफॉर्म पर चर्चा में है। वीडियो में लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड एक-दूसरे से टकराते दिखाई देते हैं। टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमान नीचे गिरते नजर आते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए भेजा गया। नेपाल के जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) की टीम भी दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

