Mayur Vihar School Death: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा की क्लासरूम में अचानक गिरने के बाद मौत हो गई। बच्ची को आनन-फानन में निर्माण विहार स्थित मालिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आए CCTV फुटेज में बच्ची अचानक जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। पुलिस अब कक्षा और स्कूल परिसर के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
सुबह 9:52 बजे मिली पुलिस को सूचना
दिल्ली पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:52 बजे PCR कॉल के जरिए स्कूल में एक छात्रा के अचानक बेहोश होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बच्ची को तुरंत निर्माण विहार स्थित मालिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। यह घटना मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल की है और बच्ची कक्षा तीन की छात्रा थी। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि खेलकूद की अवधि के बाद बच्ची अपनी कक्षा में लौटी थी। कुछ ही देर बाद वह अचानक गिर गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज में जमीन पर गिरती दिखी बच्ची
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आए क्लासरूम CCTV फुटेज में बच्ची कक्षा में प्रवेश करती दिखाई देती है। फुटेज के मुताबिक वह अपनी कमर पर हाथ रखती है और इसके तुरंत बाद अचानक जमीन पर गिर जाती है। बच्ची को गिरता देखकर शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। हालांकि बच्ची बेहोश दिखाई देती है। इसके बाद शिक्षिका तेजी से कक्षा से बाहर जाती हैं और कुछ ही सेकंड में वापस लौटकर बच्ची को बाहर ले जाती हैं। स्कूल परिसर के अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग में बच्ची को दूसरे छात्रों के साथ सीढ़ियां चढ़ते और परिसर के अंदरूनी हिस्से में भी देखा गया है। पुलिस इन सभी फुटेज को जोड़कर घटनाक्रम की समयानुसार जांच कर रही है।
हार्ट अटैक की आशंका, मौत की वजह साफ नहीं
प्रारंभिक जानकारी में बच्ची की मौत के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, उसे अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगा और स्कूल में तत्काल चिकित्सा सहायता के क्या इंतजाम थे। CCTV फुटेज के अलावा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

