- कपड़ा उद्योग को मिलेगी नई ताकत, जेएल ओसवाल ग्रुप करेगा ₹1,550 करोड़ का निवेश
पंजाब की नई औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास नीति-2026 लागू होने के बाद राज्य के पुराने औद्योगिक घरानों ने भी निवेश बढ़ाने का भरोसा जताया है। विविध कारोबार वाले जेएल ओसवाल ग्रुप ने अगले तीन वर्षों में पंजाब में करीब ₹1,550 करोड़ (लगभग 16.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का निवेश करने की घोषणा की है। इस निवेश से 4,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पंजाब के उद्योग, वाणिज्य एवं निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह फैसला पंजाब के बेहतर होते कारोबारी माहौल और राज्य सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
कहां-कहां होगा निवेश
मंत्री संजीव अरोड़ा द्वारा साझा किए गए क्षेत्रवार ब्योरे के अनुसार, ₹1,550 करोड़ का निवेश छह अलग-अलग क्षेत्रों में किया जाएगा।
- एज डेटा सेंटर (डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर) (निवेश राशि- ₹500 करोड़)
- स्पिनिंग व टेक्सटाइल इकाइयों का आधुनिकीकरण व विस्तार (निवेश राशि- ₹450 करोड़ )
- लॉजिस्टिक्स पार्क, औद्योगिक पार्क व सहायक बुनियादी ढांचा (निवेश राशि- ₹400 करोड़)
- होटल परियोजना (हॉस्पिटैलिटी) (निवेश राशि-₹100 करोड़)
- आधुनिक गारमेंट निर्माण इकाई (निवेश राशि- ₹50 करोड़)
- सौर व अक्षय ऊर्जा समाधान (निवेश राशि-₹50 करोड़)
निवेश का सबसे बड़ा हिस्सा, करीब ₹500 करोड़, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया जाएगा। इसके तहत एस्सार रुइया ग्रुप के सहयोग से एक आधुनिक एज डेटा सेंटर विकसित किया जाएगा।
कपड़ा कारोबार में कुल ₹500 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इसमें से करीब ₹450 करोड़ मौजूदा स्पिनिंग और टेक्सटाइल इकाइयों के आधुनिकीकरण तथा उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर खर्च होंगे। इससे उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार होगा और प्रीमियम कपड़ों की बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। शेष ₹50 करोड़ से एक आधुनिक परिधान (गारमेंट) निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी, जिससे कच्चे कपड़े के साथ-साथ तैयार उत्पादों का उत्पादन भी बढ़ेगा।
इसके अलावा, करीब ₹400 करोड़ लॉजिस्टिक्स पार्क, औद्योगिक पार्क और सहायक बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किए जाएंगे। इससे राज्य की विनिर्माण क्षमता और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।
कारोबारी यात्राओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹100 करोड़ होटल परियोजना में निवेश किए जाएंगे। वहीं, ₹50 करोड़ सौर एवं अक्षय ऊर्जा समाधानों पर खर्च होंगे, ताकि नए औद्योगिक संयंत्र हरित औद्योगिक मानकों के अनुरूप विकसित किए जा सकें।
ग्रुप की मजबूत पृष्ठभूमि
जेएल ओसवाल ग्रुप कई राज्यों में सक्रिय है और कपड़ा, लॉजिस्टिक्स, अक्षय ऊर्जा तथा हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में कारोबार करता है। ग्रुप का सालाना राजस्व करीब ₹8,000 करोड़ बताया जाता है।
मंत्री ने ग्रुप के चेयरमैन कमल ओसवाल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब में ग्रुप का विस्तार राज्य के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पंजाब के कपड़ा उद्योग के लिए क्यों अहम है निवेश
पंजाब, विशेषकर लुधियाना, दशकों से देश के प्रमुख कपड़ा और होजरी केंद्रों में शामिल रहा है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में बढ़ती उत्पादन लागत, पुरानी मशीनरी और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के कारण इस क्षेत्र पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में आधुनिकीकरण के लिए किया जाने वाला बड़ा निवेश उद्योग को नई गति दे सकता है।
राज्य की औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास नीति-2026 में कपड़ा उद्योग को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। जानकारों का मानना है कि जब बड़े स्थानीय औद्योगिक समूह अपने कारोबार का विस्तार करते हैं, तो इसका लाभ छोटे आपूर्तिकर्ताओं (सप्लायरों), परिवहन और सेवा क्षेत्र को भी मिलता है। यदि यह निवेश निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतरता है, तो इससे लुधियाना क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ निर्यात को भी बढ़ावा मिल सकता है।
