Kerala Viral News: केरल से सामने आई दो घटनाएं इन दिनों लोगों का दिल जीत रही हैं। यहां धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों ने इंसानियत और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की है। वायनाड में दो मुस्लिम भाइयों ने 85 वर्षीय हिंदू महिला कल्याणी अम्मा की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए हिंदू रीति-रिवाजों से उनका अंतिम संस्कार किया और मुखाग्नि दी। वहीं, मलप्पुरम में एक मस्जिद ने 52 वर्षीय हिंदू महिला प्रेमलता के अंतिम संस्कार से पहले की रस्में पूरी करने के लिए अपने परिसर के दरवाजे खोल दिए। इन दोनों घटनाओं की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
वायनाड में मुस्लिम भाइयों ने निभाया बेटे का फर्ज
सांप्रदायिक सौहार्द की पहली घटना केरल के वायनाड जिले की मुप्पैनाड पंचायत के चित्रगिरी गांव की है। यहां 85 वर्षीय कल्याणी अम्मा का निधन हो गया। उनका कोई संतान या करीबी रिश्तेदार नहीं था, जो उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभा सके। ऐसे में उनके पड़ोसी कप्पन रजाक और उनके भाई सुलेमान आगे आए। दोनों भाइयों ने कल्याणी अम्मा को अपनी मां की तरह माना था और उनके अंतिम समय में बेटे का फर्ज निभाते हुए अंतिम संस्कार किया।
पांच दशक से अम्मा की देखभाल कर रहे थे भाई
रजाक और सुलेमान का कल्याणी अम्मा के साथ रिश्ता करीब 50 साल पुराना था। दोनों भाई और उनका परिवार लंबे समय से उनकी देखभाल कर रहे थे। वे उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखते, दवाइयों का इंतजाम करते और तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल भी ले जाते थे। कल्याणी अम्मा भी दोनों भाइयों को अपने बेटों की तरह मानती थीं और उनके परिवार के सुख-दुख में शामिल रहती थीं। कल्याणी अम्मा पिछले कुछ महीनों से उनके घर में ही रह रही थीं। उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि उनके निधन के बाद रजाक और सुलेमान ही उनका अंतिम संस्कार करें। दोनों भाइयों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया और उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
मलप्पुरम में हिंदू महिला के लिए मस्जिद ने खोले दरवाजे
सांप्रदायिक सौहार्द की दूसरी घटना केरल के मलप्पुरम जिले की नन्नमुक्कू पंचायत के पास चंगारामकुलम की है। यहां 52 वर्षीय प्रेमलता की कैंसर से मौत हो गई। उनके पति सहदेवन और बेटी नीतू पिछले करीब 18 वर्षों से एक छोटे से किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि घर में प्रेमलता के पार्थिव शरीर को स्नान कराने और अंतिम संस्कार से पहले की जरूरी रस्में पूरी करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी।
परिवार की परेशानी को देखते हुए पास की पल्लिक्करा खदीजा मस्जिद के पदाधिकारियों ने अपने परिसर में इसकी व्यवस्था कराई। मस्जिद के दरवाजे खोल दिए गए और स्थानीय लोगों ने परिवार की मदद की। महिला के रिश्तेदारों और स्थानीय महिलाओं ने मिलकर अंतिम संस्कार से पहले की रस्में पूरी कीं। इसके बाद घर पर अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा गया और फिर पोनानी के ईश्वरमंगलम सार्वजनिक श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस पहल ने एक बार फिर दिखाया कि मुश्किल वक्त में इंसानियत और सहयोग किसी धर्म की सीमाओं में बंधे नहीं होते।
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने भी की तारीफ
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने वायनाड की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रजाक और सुलेमान के इस कदम की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह वही केरल है, जिसे वह जानते हैं, प्यार करते हैं और जिस पर विश्वास करते हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “मां का प्यार धर्म नहीं देखता और बेटे का फर्ज जाति नहीं पूछता। दुख और प्रेम सभी के लिए समान हैं।” मुख्यमंत्री ने इन घटनाओं को केरल की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए कहा कि प्रेम का कोई धर्म नहीं होता और इंसानियत लोगों को एक साथ जोड़ती है।

