Delhi AQI Update: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। नवंबर का महीना आधा बीतने के बाद भी दिल्लीवासियों को प्रदूषित हवा से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। आनंद विहार और कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। ऐसे में सुबह और शाम के समय लोगों को प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
गुरुवार सुबह आनंद विहार में AQI 266 और कनॉट प्लेस में 259 दर्ज किया गया। दिल्ली के अन्य इलाकों में भी हवा की क्वालिटी संतोषजनक नहीं है। कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 300 के पार पहुंचा हुआ है। इसका मतलब है कि राजधानी के कुछ हिस्सों में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक 201 से 300 के बीच AQI को खराब श्रेणी में रखा जाता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से ज्यादातर लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
इन इलाकों में हवा सबसे जहरीली
19 नवंबर सुबह 7 बजे के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में सबसे ज्यादा AQI सिरिफोर्ट में 358 दर्ज किया गया। इसके अलावा कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 347, चांदनी चौक में 344, CRRI मथुरा रोड में 344 और टॉकीटोरा गार्डन में 340 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम AQI लोदी रोड में 180 दर्ज हुआ। इसके अलावा दिल्ली कैंट में 179, मैदानढ़ी में 213 और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 257 AQI रहा। इस तरह राजधानी के अलग-अलग इलाकों में एयर क्वालिटी में काफी अंतर है।
GRAP के नियमों में भी हुआ बदलाव
दिल्ली-NCR में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत कई प्रतिबंध लागू किए जाते हैं। इस बीच 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में GRAP के तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी थीं। यह फैसला क्षेत्र के औसत AQI में गिरावट के बाद लिया गया था। हालांकि पहले और दूसरे चरण के प्रतिबंध जारी रखे गए।
लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी
प्रदूषण के मौजूदा स्तर को देखते हुए लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बाहर व्यायाम करने से परहेज करना और बच्चों व बुजुर्गों को लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचाना बेहतर होगा। आंकड़ों को देखें, तो फिलहाल दिल्लीवासियों को साफ हवा के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर कितना कम होता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

