फरीदाबाद. हरियाणा में फरीदाबाद में रिजर्व फॉरेस्ट में लकड़ी तस्करों ने कहर ढाया है. या यूं कहें कि ‘पुष्पा’ ने अंदर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की है. फिलहाल, वन विभाग में हड़कंप मच गया है. अलीपुर गांव के शिकारगढ़ बीट में करीब 30 एकड़ जंगल से 25 हजार छोटे-बड़े पेड़ काटे जाने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया है. हैरानी की बात यह है कि जब ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई पर सवाल उठाए तो ठेकेदार नए पौधे लगाने का हवाला देकर उन्हें टालता रहा.
वहीं, काटे गए पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले के पुन्हाना स्थित लकड़ी मंडी तक पहुंच गई. मामले में शुरुआती जांच के बाद सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए DCF समेत चार वन अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, अलीपुर गांव स्थित शिकारगढ़ बीट के रिजर्व फॉरेस्ट में पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों सिंघराज और कुलदीप के मुताबिक, करीब एक महीने तक जंगल में लगातार पेड़ काटे जाते रहे. आरोप है कि लगभग 30 एकड़ जंगल से 25 हजार छोटे-बड़े पेड़ों को काट दिया गया, जिनमें सबसे ज्यादा संख्या कीकर के पेड़ों की बताई जा रही है.
नए पौधे लगाने का देता रहा हवाला
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी उन्होंने पेड़ों की कटाई को लेकर ठेकेदार से सवाल किया तो वह पुराने पेड़ों की जगह नए पौधे लगाने की बात कहकर उन्हें शांत कर देता था. ग्रामीणों को बताया जाता था कि यह वन विभाग की योजना का हिस्सा है और पुराने पेड़ों को हटाकर नए पौधे लगाए जाएंगे. अब ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रिजर्व फॉरेस्ट में इतनी बड़ी संख्या में पेड़ काटने की अनुमति किसने दी और वन विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?
काटे गए पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले के पुन्हाना स्थित लकड़ी मंडी तक पहुंच गई.
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब अलीपुर शिकारगढ़ बीट से कथित तौर पर काटे गए सरकारी पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले के पुन्हाना स्थित लकड़ी मंडी तक पहुंच गई. सूचना मिलने के बाद 13 नवंबर को फरीदाबाद और नूंह वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंडी में छापेमारी की. इस दौरान चार आरा मशीनों को सील किया गया, जबकि लकड़ी से लदी पांच से सात गाड़ियों को भी कब्जे में लेकर निगरानी शुरू की गई.
फरीदाबाद में बड़े पैमाने पर पेड़ काटे गए.
अब DCF समेत चार कर्मचारी सस्पेंड
मामले में विभागीय लापरवाही सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई की है. फरीदाबाद के उप वन संरक्षक (DCF) झलकार उयाके, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अफजल खान, फॉरेस्ट गार्ड अंकित और फॉरेस्टर संदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है. फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है. वहीं, ग्रामीणों ने मांग की है कि जंगल में हुई पेड़ों की कटाई की निष्पक्ष जांच हो और इस पूरे खेल में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

