New PUC Law: केंद्र सरकार ने गुरुवार को वाहन मालिकों को बड़ी राहत दी। अब BS-VI वाहनों का वाहन प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) बार-बार बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार ने वाहनों की उम्र और एमिशन मानकों के आधार पर पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता को अलग-अलग केटेगरी में बांट दिया है।
नए नियमों के मुताबिक, अब नई और क्लीन गाड़ियों के मालिकों को बार-बार पीयूसी सेंटर के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है, जबकि पुराने गाड़ियों के लिए जांच और रिन्यूअल की समयसीमा को और सख्त किया गया है। चलिए जानते हैं कि नए PUC नियमों के तहत किस केटेगरी के वाहन के लिए कितनी वैधता तय की गई है और रिन्यूअल के क्या नियम हैं।
🚗BS-6 गाड़ी वालों के लिए बड़ी राहत!
अब नई BS-6 निजी गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट हर 3 महीने नहीं, बल्कि 3 साल तक वैध रहेगा!
– पहले 6 साल तक 3 साल की वैधता
– 6 से 10 साल पुरानी गाड़ी के लिए 1 साल
– 10 साल से पुरानी गाड़ी के लिए 6 महीनेसरकार ने PUC नियमों में बड़ा बदलाव किया। अब बार-बार प्रदूषण जांच और सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की झंझट कम होगी!
– BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों का PUC सर्टिफिकेट 3 महीने वैध रहेगा
– BS-4 वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता 6 महीने तय
#PUC #BS6 #VehicleRules #RoadTransport
@ZeeBusiness @ZeeNews @MORTHIndia— Ambarish Pandey (@pandeyambarish) November 19, 2026
कब लेना होगा नया पीयूसी सर्टिफिकेट?
- BS-VI मानकों वाले निजी वाहनों के लिए 6 साल तक की उम्र के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 3 साल तक रखी गई है।
- 6 साल से ज्यादा लेकिन 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए हर साल रिन्यूअल जरूरी होगा।
- 10 साल से पुराने वाहनों को हर 6 महीने में पीयूसी बनवाना होगा।
- BS-VI वाले ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए 6 साल तक की उम्र पर 2 साल की वैधता, 6 से 10 साल पर सालाना रिन्यूअल और 10 साल से अधिक पुराने होने पर हर 6 महीने में रिन्यूअल का नियम लागू होगा।
BS-I से BS-IV के लिए समय-सीमा
पुराने एमिशन मानकों वाले वाहनों पर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर ज्यादा सख्ती बरती गई है। नए नियमों के तहत BS-IV मानक वाले वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता 6 महीने तय की गई है, जबकि BS-I, BS-II और BS-III मानकों वाले पुराने वाहनों के लिए यह वैधता घटाकर सिर्फ 3 महीने कर दी गई है, ताकि पुराने वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर नियमित नजर रखी जा सके।
रिन्यूअल की तारीख को लेकर बदलाव
सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन में रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी बदलाव किए गए हैं। अगर कोई वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी तारीख से पहले के 10 दिनों के भीतर रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति तिथि से प्रभावी माना जाएगा। वहीं, अगर सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यूअल कराया जाता है, तो नई वैधता रिन्यूअल की तारीख से लागू होगी।
क्या फर्क पड़ेगा?
नए नियमों से नए बीएस-VI वाहनों के मालिकों के लिए लंबी वैधता समय और पैसे दोनों की बचत करेगी। खासकर उन शहरों में जहां पीयूसी जांच को लेकर सख्त निगरानी और चालान की व्यवस्था लागू है।

