नई दिल्ली. भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे पर पहले टेस्ट सीरीज की प्लेइंग इलेवन चर्चा का विषय बनी हुई है. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने का मामला अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाते हुए भेदभाव का आरोप लगाया है. बीजेपी ने कांग्रेस सांसद के बयान को शर्मनाक बताया है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर, गुरुवार को शुरू हुआ. कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर ने सिराज को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं दी. समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इसे लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया. उनका आरोप है कि सिराज के नाम की वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली.
#WATCH | Delhi: On Cricketer Mohammed Siraj, Congress MP Imran Masood says, “It is being said that despite his good performance, he was not given a place in the team. His name is ‘Siraj ‘, and that is why he was not given a place. If you are not selecting him despite his good performance, the discrimination is clear.”
— ANI (@ANI) November 20, 2026
कांग्रेस नेता ने कहा, “कहा जा रहा है कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम ‘सिराज’ है और इसी वजह से उन्हें टीम में नहीं चुना गया. अगर अच्छे प्रदर्शन के बाद भी उनका चयन नहीं होता है, तो भेदभाव साफ नजर आता है.”
बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया वोट बैंक की राजनीति का आरोप
इमरान मसूद के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया. प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कांग्रेस पर शर्म आती है! अब कांग्रेस क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति कर रही है. कांग्रेस कह रही है कि सिराज को मुस्लिम होने की वजह से बाहर रखा गया. जडेजा को भी टीम में जगह नहीं मिली. हर क्रिकेटर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली जर्सी पहनता है. वोट बैंक और सांप्रदायिक राजनीति के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बांटना बंद करें.”
Shame on Congress!
Congress now does vote bank politics even in Cricket team selection!
Congress says -” Siraj was left out because he was a Muslim”
Even Jadeja was left out!
Every cricketer wears the jersey representing India!
Stop dividing Indian cricket team for vote bank & communal politics!
— Pradeep Bhandari(प्रदीप भंडारी)🇮🇳 (@pradip103) November 20, 2026
गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी उठाए सवाल
मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने सवाल उठाए थे. पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी इसे लेकर हैरानी जताई थी. दोनों का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को सिराज के अनुभव को ध्यान में रखना चाहिए था. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया. जसप्रीत बुमराह के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली.

