नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बच्चों ने पापा जैसा ही अपना नाम बनाना शुरू कर दिया है. पहले बड़े बेटे ने अंडर 19 एशिया कप में बल्ले से तूफान मचाया. अब छोटे बेटे ने कूच बिहार ट्रॉफी के पहले मैच में अकेले 7 विकेट लेकर सनसनी मचा दी. वेदांत सहवाग ने दिल्ली की अंडर-19 टीम से खेलते हुए पंजाब के खिलाफ 7 विकेट झटके. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत पंजाब की पूरी टीम पहली पारी में 238 रन पर सिमट गई.
सबसे कमाल की बात यह कि दिल्ली की अंडर-19 टीम की कप्तानी बड़े भाई आर्यवीर सहवाग के हाथों में है. उनको अंडर-19 एशिया कप विजेता टीम के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था. पिता वीरेंद्र सहवाग अपने शानदार करियर के दौरान बतौर ओपनर तूफानी बल्लेबाजी करते थे. वहीं जरूरत पड़ने पर टीम के लिए विकेट भी चटकाया करते थे. वेदांत में भी पापा जैसे ही रन बनाने के साथ विकेट चटकाने की काबिलियत है.
दिल्ली ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करते हुए पंजाब को शुरुआती झटके दिए. आठवें ओवर तक पंजाब का स्कोर 22 रन पर दो विकेट हो गया था. इसमें नकुल यादव और वेदांत ने शुरुआती विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई. वेदांत ने 16वें ओवर में अपना दूसरा विकेट हासिल किया. इसके बाद पंजाब की टीम 54 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई. विकेटकीपर बल्लेबाज देविक और नूरवीर सिंह ने छठे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला. दोनों ने पंजाब को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की.
36वें ओवर में दो विकेट लेकर पलटा मैच
वेदांत ने 36वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर पंजाब की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया. उन्होंने नूरवीर सिंह को आउट किया और इसके बाद शिवम मत्री को बिना खाता खोले वापसी का रास्ता दिखाया. देविक और साहिबजोतवीर सिंह ने सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े. वेदांत ने 61 रन के स्कोर पर उनको आउट किया. इसके बाद साहिबजोतवीर सिंह को भी अपना शिकार बनाया. पंजाब की पारी के आखिरी विकेट के रूप में कुशल बंसल को आउट किया.

